देहरादून: बदरीनाथ धाम के चढ़ावे में हुई चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस रिमांड पर चल रहे मुख्य आरोपी प्रमोद नौटियाल ने पूछताछ के दौरान अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उधर पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच जारी है। हालांकि आरोपी फिलहाल उनके बारे में कोई जानकारी नहीं दे रहा है।
पुलिस की जांच टीम आरोपी को देहरादून स्थित श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) के कैंप कार्यालय लेकर पहुंची, जहां उसके कमरे की तलाशी ली गई। हालांकि तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध सामान या नया सुराग बरामद नहीं हुआ।
पूछताछ में प्रमोद ने स्वीकार किया कि उसने मंदिर से कुछ सामान उठाया था। इसके बाद जांच अधिकारियों ने मामले से जुड़े अन्य लोगों के बयान भी दर्ज किए। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी की वारदात में कोई और व्यक्ति शामिल था या नहीं।
जांच अधिकारियों के अनुसार, आरोपी को आगे की कार्रवाई और साक्ष्य जुटाने के लिए बदरीनाथ भी ले जाया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और यदि किसी अन्य की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि पुलिस ने ये नहीं बताया कि प्रमोद ने क्या सामान उठाया था ! कोई नगदी, धातु जेवर या मूर्ति या कुछ और इसका खुलासा भी नहीं किया गया है

