चमोली। उत्तराखंड के प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम चढ़ावा चोरी प्रकरण में गठित उच्चस्तरीय जांच समिति का कार्यकाल एक माह के लिए बढ़ा दिया गया है। सचिव धर्मस्व धीराज सिंह गर्ब्याल ने कार्यकाल विस्तार की पुष्टि की है। जांच प्रक्रिया को पूरा करने में लग रहे अतिरिक्त समय के कारण समिति ने शासन से और समय देने का अनुरोध किया था।
इस संवेदनशील मामले की जांच कमिश्नर गढ़वाल आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में गठित तीन सदस्यीय समिति कर रही है। समिति में गढ़वाल कमिश्नर के अलावा जीएमवीएन के प्रबंध निदेशक संदीप तिवारी और वित्त अधिकारी जगत सिंह चौहान सदस्य के रूप में शामिल हैं।
जांच समिति मामले के हर पहलू की बारीकी से पड़ताल कर रही है। इसी कड़ी में समिति ने मंगलवार को चमोली पहुंचकर अपनी जांच जारी रखी। समिति ने मामले से जुड़े सभी पक्षों के साथ-साथ आम जनता से भी अपील की है कि यदि किसी के पास इस प्रकरण से संबंधित कोई महत्वपूर्ण जानकारी या साक्ष्य हो, तो वे इसे समिति के साथ साझा करें।
दूसरी ओर, चढ़ावा चोरी मामले में गिरफ्तार आरोपी प्रमोद नौटियाल का परिवार बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के रवैये से असंतुष्ट है। आरोपी की मां ने आरटीआई के जरिए बीकेटीसी से जवाब मांगा था कि निजी सचिव के रूप में कार्यरत उनके बेटे की ड्यूटी किसके आदेश पर चंदा गणना में लगाई गई थी।
हालांकि, बीकेटीसी की ओर से कोई स्पष्ट कारण बताने के बजाय परिवार को केवल हर साल जारी होने वाले ड्यूटी चार्ट की प्रति ही उपलब्ध कराई गई है। इससे असंतुष्ट परिवार अब बीकेटीसी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहा है, जिससे यह पूरा विवाद और गहराता नजर आ रहा है।

