Haridwar News: अंतरराज्यीय ब्लड रैकेट का भंडाफोड़, सपा नेता का बेटा निकला सरगना

ख़बर शेयर करें

हरिद्वार। उत्तराखंड के हरिद्वार जिले स्थित लक्सर में पुलिस ने चार महीने से चल रहे एक अंतरराज्यीय खून तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है।लक्सर कोतवाली पुलिस द्वारा की गई इस बड़ी कार्रवाई में उत्तर प्रदेश के बिजनौर से समाजवादी पार्टी नेता मदन लाल सैनी का बेटा दुष्यंत सैनी गिरोह का सरगना निकला है। पुलिस ने सरगना समेत कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस जांच के मुताबिक, यह गिरोह लक्सर और आसपास के इलाकों में चार महीने पहले खुले एक ब्लड सेंटर के नाम पर फर्जी रक्तदान शिविर आयोजित करता था। नियमों के तहत शिविर में एकत्रित रक्त को स्थानीय केंद्र में सुरक्षित रखा जाना चाहिए था, लेकिन गिरोह इसे चोरी-छिपे उत्तर प्रदेश के बिजनौर और मुरादाबाद जिलों में ऊंचे दामों पर बेच रहा था।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड खेल महाकुम्भ 2026: जानिए शेड्यूल, खेल और आयोजन की पूरी रूपरेखा

पूछताछ में खुलासा हुआ कि बिजनौर में खून की भारी मांग का फायदा उठाकर यह गिरोह जरूरतमंद मरीजों से प्रति यूनिट 8,000 से 10,000 रुपये वसूल रहा था। बीते चार महीनों के दौरान यह गैंग चार से अधिक रक्तदान शिविर लगाकर बड़े पैमाने पर खून की तस्करी कर चुका है।

यह भी पढ़ें -  अल्मोड़ा में SSB की सर्जिकल कार्रवाई: 54 लाख के जाली नोट और 41 किग्रा ड्रग्स जब्त, 52 जिंदगियां बचाईं

नेटवर्क को सुचारू रूप से चलाने के लिए दुष्यंत सैनी ने लक्सर के स्थानीय निवासियों अनित और शुभम को अपने साथ जोड़ा था, जिनका काम ग्रामीणों को फुसलाकर रक्तदान कराना था। वहीं मुरादाबाद निवासी कवेंद्र और संभल निवासी दया सिंह इस खून को यूपी के शहरों में सप्लाई करने का काम संभालते थे।

लक्सर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांचों आरोपियों दुष्यंत, अनित, शुभम, कवेंद्र और दया सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से 27 यूनिट अवैध खून, कैंप में इस्तेमाल होने वाले चिकित्सा उपकरण और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दो लग्जरी कारें भी बरामद की गई हैं।

यह भी पढ़ें -  Chamoli Tunnel Accident: लापता 2 श्रमिकों के शव बरामद, मौतों की संख्या 10 हुई..

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अब गिरोह के अन्य नेटवर्क और बिचौलियों की पड़ताल कर रही है। लक्सर के पुलिस क्षेत्राधिकारी देवेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि गिरोह के बाकी मददगारों और पर्दे के पीछे छिपे सफेदपोशों को भी जल्द बेनकाब किया जाएगा।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad