प्रेम विवाह से नाराज मामा ने सरेबाजार भांजे को चाकू से गोदकर मार डाला, आरोपी फरार

ख़बर शेयर करें

उत्तराखंड के भगवानपुर से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां प्रेम विवाह से नाराज एक मामा ने अपने ही भांजे की भरे बाजार चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, कलियर क्षेत्र के रोलाहेड़ी निवासी 27 वर्षीय मुसिब ने करीब दो साल पहले मुजफ्फरनगर जिले के एक गांव में रहने वाले अपने मामा की बेटी से प्रेम प्रसंग के बाद निकाह किया था।

यह भी पढ़ें -  शराब दुकानों के आवंटन में न्यायिक दखल से सुप्रीम कोर्ट का इनकार, याचिका खारिज

इस अंतर-पारिवारिक विवाह से लड़की का पिता (मुसिब का मामा) बेहद खफा था और तभी से अपने भांजे के प्रति रंजिश पाले हुए था। शुक्रवार की दोपहर मुसिब भगवानपुर के हाल्लूमजरा में एक दुकान से कुछ सामान की खरीदारी करने आया था, तभी घात लगाकर बैठे आरोपी मामा ने अचानक उस पर हमला कर दिया और उसके पेट में ताबड़तोड़ दो बार चाकू घोंप दिए।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड फर्जी डिग्री मामला: गढ़वाल विवि में फर्जी डिग्री के सहारे नौकरी पाने वाला आरोपी गिरफ्तार

सरेआम हुए इस हमले के बाद मुसिब लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा और आरोपी मामा मौके से तुरंत फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मुसिब को गंभीर हालत में सिविल अस्पताल लेकर पहुंची, जहां से डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया, लेकिन दुर्भाग्यवश उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।

यह भी पढ़ें -  खटीमा: 'आंगन मिलन' कार्यक्रम में पहुंचे सीएम धामी, बच्चों को अपने हाथों से खाना परोसकर जीता दिल

कोतवाली प्रभारी रितेश शाह ने बताया कि प्राथमिक जांच में हत्या की वजह मामा की बेटी से निकाह करना ही सामने आई है। फिलहाल पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचित कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार हत्यारे मामा की गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह दबिश दे रही है।