AIIMS Rishikesh में खुला वन स्टॉप सेंटर, यौन हिंसा पीड़ित महिलाओं को एक ही छत के नीचे मिलेगा इलाज और न्याय

ख़बर शेयर करें

ऋषिकेश। एम्स अस्पताल में यौन हिंसा से पीड़ित महिलाओं को एक ही छत के नीचे आपातकालीन चिकित्सा और कानूनी सलाह उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वन स्टॉप सेंटर की शुरुआत की गई। इस नई व्यवस्था से हिंसा की शिकार महिलाओं को तुरंत इलाज, मेडिको-लीगल जांच और काउंसलिंग के लिए अलग-अलग जगह नहीं भटकना पड़ेगा।

अस्पताल भवन की तीसरी मंजिल पर प्रसूति एवं स्त्री रोग वार्ड के सामने इस सेंटर का आधिकारिक उद्घाटन किया गया। उद्घाटन कार्यक्रम राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया राहटकर ने राज्य महिला आयोग अध्यक्ष कुसुम कंडवाल और एम्स की कार्यकारी निदेशक प्रो. मीनू सिंह की मौजूदगी में किया।

यह भी पढ़ें -  देहरादून के ATM से निकल रही साइबर ठगी की रकम, साइबर ठगों का नया पैंतरा

उद्घाटन के दौरान राष्ट्रीय महिला आयोग अध्यक्ष विजया राहटकर ने कहा कि महिला एवं बाल विकास मंत्रालय महिलाओं के खिलाफ यौन हिंसा और अपराधों से निपटने के लिए देशभर में वन स्टॉप सेंटरों की स्थापना को प्राथमिकता दे रहा है। उन्होंने कहा कि यह सेंटर पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय और आपातकालीन चिकित्सा सहायता दिलाने में अहम भूमिका निभाएगा।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड सरकार 100 ट्रेक रूट्स की कराएगी GPS/GIS मैपिंग, CM धामी ने दी हरी झंडी

एम्स की कार्यकारी निदेशक प्रो. मीनू सिंह ने बताया कि यह सेंटर पूरी गोपनीयता बनाए रखते हुए पीड़ितों को सुरक्षित, निजी और सम्मानजनक माहौल देगा। उन्होंने कहा कि सेंटर में मेडिको-लीगल जांच के साथ-साथ आपातकालीन चिकित्सा देखभाल की सभी जरूरी सुविधाएं एक ही जगह उपलब्ध कराई गई हैं।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड में पहली बार आयोजित होंगे 'फिल्म पुरस्कार': सीएम धामी की पहल पर ऑनलाइन आवेदन शुरू

प्रसूति एवं स्त्री रोग विभागाध्यक्ष प्रो. जया चतुर्वेदी ने बताया कि यह वन स्टॉप सेंटर मल्टी-डिसिप्लिनरी (बहु-विषयक) मॉडल पर काम करेगा। इस व्यवस्था से पीड़ितों को अलग-अलग विभागों के चक्कर काटने से मुक्ति मिलेगी और सभी जरूरी प्रक्रियाएं एक ही स्थान पर पूरी हो सकेंगी।