देहरादून में NEET की तैयारी कर रही 23 वर्षीय छात्रा ने की खुदकुशी, फंदे से लटकता मिला शव

ख़बर शेयर करें

पटेल नगर थाना क्षेत्र की चंद्रमणि कॉलोनी में एक 23 वर्षीय युवती ने पंखे से लटककर खुदकुशी कर ली है । परिजनों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का बताया जा रहा है। दरअसल युवती लंबे समय से नीट परीक्षा की तैयारी कर रही थी, पहले भी परीक्षा में सफलता नहीं मिलने के चलते वह तनाव में बताई जा रही थी।

यह भी पढ़ें -  देहरादून-मसूरी में पर्यटकों को मिलेगी जाम से, डेढ़ साल में चौड़ी होगी किमाड़ी रोड

दून पुलिस के मुताबिक मौके से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। सीओ सदर अंकित कंडारी ने सुसाइड नोट मिलने की पुष्टि की है। मृतका अपने मम्मी-पापा से बहुत प्यार करती थी इसका इजहार मौके से बरामद सुसाइड नोट से हो रहा है जिसमें लिखा हुआ है, “मम्मी-पापा, आईलवयू”

हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर गौर करते हुए जांच की बात कह रही है। फिलहाल परिजनों और परिचितों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। बाकि की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद की जाएगी। लेकिन माना जा रहा है कि नीट परीक्षा में असफलता के चलते मृतका हताश और निराश थी शायद अवसाद में उसने खुदकुशी का रास्ता अख्तियार किया।

यह भी पढ़ें -  आयुष्मान योजना में गड़बड़ी पर बड़ी कार्रवाई, चार अस्पतालों पर गिरी SHA की गाज

बहरहाल दून की बिटिया की खुदकुशी के चलते चंद्रबनी कालोनी उदास है साथ ही साथ सवाल उठ खड़ा हुआ है कि आखिर वो कौन सी वजह है जो बच्चे इतने जल्दी हताश हो रहे हैं उनके लिए एक परीक्षा जिंदगी और मौत का सवाल बन जा रही है। लिहाजा जरूरत है बच्चों को कॉरियर को लेकर गाइड करने की उन्हें मानसिक रूप से सपोर्ट करने की ताकि कोई बच्चा अपने ही हाथों से अपनी जिंदगी को खत्म न कर बैठे। जरूरत तालीम के तरीके को दुरुस्त करने की भी है और अभिभावकों को अपने नजरिए में बदलाव करने की भी ताकि एक असफलता जिंदगी पर हावी न हो।