देहरादून में बीते कुछ महीनों से तेजी से चल रहे PNG (पाइप्ड नेचुरल गैस) लाइन बिछाने के काम पर ब्रेक लग गया है। मानसून सीजन की शुरुआत और बारिश के मद्देनजर जिला प्रशासन ने पिछले दो सप्ताह से कंपनी को सड़कों की खुदाई करने की अनुमति नहीं दी है।
इस रोक के कारण बुनियादी नेटवर्क विस्तार का काम आधा रह गया है और वर्तमान में कंपनी केवल घरों के भीतर लाइन फिटिंग का काम ही कर पा रही है। मध्यपूर्व विवाद के कारण पैदा हुए गैस संकट से निपटने के लिए मार्च के बाद गेल कंपनी को शहर में रात-दिन लाइन बिछाने की विशेष मंजूरी मिली थी, जिसके तहत रोजाना 40 से 50 घरों को पीएनजी से जोड़ा जा रहा था, लेकिन बीते सात जून से सड़कों की खुदाई पूरी तरह बंद है।
गेल के महाप्रबंधक अंबुज गौतम ने बताया कि मानसून के बाद नेटवर्क विस्तार में तेजी लाकर अधिक से अधिक घरों को इस सुविधा से जोड़ा जाएगा। योजना के तहत देहरादून में करीब तीन लाख घरेलू कनेक्शन देने का लक्ष्य है, जिसमें से अब तक एक लाख उपभोक्ता पंजीकरण करा चुके हैं और लगभग 3800 घरों में आपूर्ति शुरू भी हो चुकी है, जहां रोजाना 1800 किलोग्राम गैस की खपत हो रही है।
बहरहाल, खुदाई की अनुमति न मिलने से आगामी मानसून सीजन के दौरान यह काम पूरी तरह ठप रह सकता है, जिससे नए कनेक्शन का इंतजार कर रहे हजारों उपभोक्ताओं को थोड़ा और इंतजार करना होगा।

