देहरादून: पहाड़ों की रानी मसूरी और तीर्थ नगरी ऋषिकेश में शूटिंग कर रहे बॉलीवुड के खिलाड़ी अक्षय कुमार ने रविवार को वक्त निकाला और मुख्यमंत्री आवास पहुंच गए। जहां कुमार ने सूबे के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। इस दौरान अक्षय कुमार ने उत्तराखंड की खूबसूरत लोकेशंस की खुलकर तारीफ की । वहीं सीएम धामी ने मुंबई से आए मेहमान का दिल खोलकर उत्तराखंडी परंपरा के साथ स्वागत किया।
सियासत और सिनेमा के दो सितारों की बीच हुई इस मुलाकात में उत्तराखंड की फिल्म नीति, प्रदेश में फिल्म निर्माण की संभावनाओं और सूबे में फिल्म उद्योग को बढ़ावा देने पर विस्तार से चर्चा हुई।मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड आज देश के प्रमुख फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में अपनी पहचान बना चुका है। प्रदेश की नैसर्गिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और फिल्म निर्माण के अनुकूल माहौल लगातार फिल्म निर्माताओं को आकर्षित कर रहा है।बड़े प्रोजेक्ट्स की शूटिंग से फिल्म डेस्टिनेशन के रूप में प्रदेश की पहचान और मजबूत हो रही है।
सीएम धामी ने अपनी सरकार की फिल्म नीति की चर्चा भी फिल्म अभिनेता अक्षय कुमार से की। सीएम ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा लागू की गई उत्तराखंड फिल्म नीति-2024 के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। सिंगल विंडो सिस्टम से शूटिंग की अनुमति और अनुदान की व्यवस्था से निर्माताओं को काफी सुविधा मिल रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास सिर्फ शूटिंग को बढ़ावा देना ही नहीं, बल्कि स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करना है। फिल्मों की शूटिंग से पर्यटन, होटल, परिवहन और स्थानीय व्यवसायों को भी सीधा लाभ मिल रहा है। राज्य सरकार फिल्म निर्माताओं को हर संभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।आपको बता दें कि अक्षय कुमार इन दिनों मसूरी और लंढौर क्षेत्र में अपनी आगामी फिल्म की शूटिंग कर रहे हैं।

