देहरादून। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन अपने दो दिवसीय आधिकारिक दौरे पर उत्तराखंड पहुंच गए हैं। जौलीग्रांट हवाई अड्डे पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शासन और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। अपनी इस यात्रा के दौरान उपराष्ट्रपति देहरादून और मसूरी स्थित देश की दो शीर्ष प्रशिक्षण अकादमियों में महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।
एयरपोर्ट पर औपचारिक अगवानी के बाद उपराष्ट्रपति का काफिला सीधे देहरादून के लिए रवाना हो गया। वे देहरादून स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वन अकादमी में 2025-27 बैच के भारतीय वन सेवा के परिवीक्षाधीन अधिकारियों से सीधा संवाद करेंगे। इस संवाद कार्यक्रम में भावी वन अधिकारियों को पर्यावरण संरक्षण और प्रशासनिक प्राथमिकताओं पर मार्गदर्शन दिया जाएगा।
अपने दौरे के दूसरे दिन यानी 20 अगस्त को उपराष्ट्रपति मसूरी जाएंगे। वे वहां प्रसिद्ध लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी में 2024 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारियों के प्रोफेशनल कोर्स के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे और देश के नए सिविल सेवकों को संबोधित करेंगे।
उत्तराखंड प्रवास के दौरान उपराष्ट्रपति देश के महान नायकों को नमन भी करेंगे। वे इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वन अकादमी में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल और लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी के परिसर में पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे।
उपराष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए देहरादून और मसूरी में सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुलिस प्रशासन ने उपराष्ट्रपति के कारकेड और दौरों को ध्यान में रखते हुए यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष रूट प्लान लागू किया है, ताकि आम जनता को असुविधा न हो और कार्यक्रम सुचारु रूप से संपन्न हो सकें।

