देहरादून। उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के पेपर लीक मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहायक प्रोफेसर आशीष कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है। विवि प्रशासन की शिकायत पर प्रेमनगर थाने में मुकदमा दर्ज होने और आंतरिक जांच में दोषी पाए जाने के बाद शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में कार्यरत इस शिक्षक को कॉलेज प्रशासन ने बर्खास्त कर दिया है। इस फर्जीवाड़े का सीधा असर परीक्षा की साख और हजारों छात्रों पर पड़ा है।
जांच में सामने आया कि आरोपी शिक्षक ने ‘मशीन लर्निंग फॉर इंटरनेट ऑफ थिंग्स’ और ‘इलेक्ट्रोमैग्नेटिक फील्ड थ्योरी’ विषय के प्रश्नपत्र परीक्षा से पहले ही लीक कर दिए थे। आरोपी ने आंतरिक पोर्टल और व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए प्रश्नों को कुछ छात्रों तक पहुंचाया था। परीक्षा की गोपनीयता भंग होने के कारण विश्वविद्यालय प्रशासन ने दोनों ही परीक्षाएं निरस्त कर दी हैं।
मामले का खुलासा करते हुए विवि की कुलपति डॉ. तृप्ता ठाकुर ने बताया कि सम-सेमेस्टर परीक्षा के दौरान आठ जुलाई को विश्वविद्यालय को एक शिकायती ईमेल मिला था। ईमेल में आरोप लगाया गया था कि तीन जुलाई को आयोजित परीक्षा के प्रश्न प्रोफेसर आशीष गुप्ता ने व्हाट्सएप पर साझा किए थे। इसके बाद गठित आंतरिक जांच समिति ने छात्रों को प्रश्न भेजे जाने की पुष्टि की।
गड़बड़ी की पुष्टि होते ही शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के निदेशक प्रो. टीएस सिद्धू ने आरोपी शिक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी किया। इसके बाद तुरंत उनका इंक्रीमेंट रोकते हुए नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया। संस्थान प्रबंधन ने साफ किया है कि परीक्षा की शुचिता से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
मामले में पुलिस कार्रवाई की जानकारी देते हुए एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि यूटीयू के परीक्षा नियंत्रक की तहरीर पर केस दर्ज कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी ने अपने परिचितों को अनुचित लाभ पहुंचाने के लिए प्रश्नपत्र लीक किए थे। पुलिस ने विश्वविद्यालय की जांच रिपोर्ट और सभी संबंधित दस्तावेजों को कब्जे में ले लिया है।
एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने आगे बताया कि इस केस में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। विवेचना के दौरान जो भी अन्य नाम या अनियमितताएं सामने आएंगी, उनके आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस और विवि प्रशासन इस गिरोह की अन्य कड़ियों को खंगालने में जुटे हैं।

