उत्तरकाशी। उत्तरकाशी जनपद के मोरी विकासखंड स्थित पवाणी गांव में भीषण आग लगने से करीब 30 लकड़ी के भवन जलकर राख हो गए। ग्रामीण यश पंवार ने बताया कि रसोई गैस सिलिंडर फटने के बाद आग ने विकराल रूप ले लिया, जिसका सीधा असर गांव के करीब 30 लकड़ी के भवनों और प्रभावित ग्रामीणों पर पड़ा, हालांकि गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।
शुरुआती जानकारी के अनुसार पवाणी गांव में अचानक लकड़ी के एक घर में आग लग गई। भवन लकड़ी के होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई और देखते ही देखते कई भवनों को चपेट में ले लिया।
आग इतनी तेजी से फैली कि ग्रामीणों को संभलने तक का मौका नहीं मिल सका। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई।ग्रामीण यश पंवार के मुताबिक रसोई गैस सिलिंडर फटने के बाद आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन करीब 30 लकड़ी के भवन जलने से भारी नुकसान हुआ है।
आग की भयावहता को देखते हुए ग्रामीण एकजुट होकर आग बुझाने के प्रयास में जुटे हुए हैं। लकड़ी से बने भवन होने से लपटें तेजी से फैलती चली गईं। फिलहाल ग्रामीण आग पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। वहीं, आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं लग सका है।

