देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के अवसर परगुरु गोविंद नगर, रेसकोर्स स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेककर उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की तथा समस्त संगत व प्रदेशवासियों को प्रकाश पर्व की बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने श्री गुरु नानक देव जी को नमन करते हुए कहा कि उनकी तीन प्रमुख शिक्षाएं हमें परमात्मा का स्मरण करने, ईमानदारी से परिश्रम कर आजीविका अर्जित करने और अपनी कमाई को दूसरों के साथ साझा करने की प्रेरणा देती हैं। इन शिक्षाओं को दैनिक जीवन में अपनाकर एक बेहतर समाज के निर्माण में योगदान दिया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि सिख परंपरा में निहित ‘सरबत दा भला’ की भावना हमें सभी के सुख और कल्याण की कामना करना सिखाती है। सिख समाज ने सेवा, साहस और समर्पण की गौरवशाली परंपरा को पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ाया है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा, आपदा के समय राहत एवं बचाव कार्यों और जरूरतमंदों की सहायता में सिख समाज का योगदान अनुकरणीय है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने सिख समाज की आस्था से जुड़े कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।
उन्होंने बताया कि करतारपुर साहिब कॉरिडोर के खुलने से श्रद्धालुओं के लिए दर्शन का मार्ग सुगम हुआ है। देवभूमि उत्तराखंड का सिख परंपरा से गहरा आध्यात्मिक और ऐतिहासिक जुड़ाव रहा है, और श्री गुरु नानक देव जी की यात्राओं से जुड़ी स्मृतियां प्रदेश में आज भी श्रद्धापूर्वक संजोई जाती हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड स्थित श्री हेमकुंट साहिब विश्वभर के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने गोविंदघाट से श्री हेमकुंट साहिब तक 12.4 किलोमीटर लंबे रोपवे के निर्माण को मंजूरी दी है।
इस रोपवे के निर्माण से श्रद्धालुओं की यात्रा सुगम होगी और इसका सीधा लाभ विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांग श्रद्धालुओं को मिलेगा। इस अवसर पर गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के प्रधान गुरबख्श सिंह राजन, महासचिव गुलजार सिंह, बलजीत सोनी और जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में साध संगत उपस्थित थी।

