खटीमा: सीएम धामी ने किया झनकईया गंगा स्नान मेले का शुभारंभ, शारदा कॉरिडोर के तहत बनेंगे दो नए स्नान घाट

ख़बर शेयर करें

खटीमा। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर खटीमा में ऐतिहासिक झनकईया गंगा स्नान मेले का फीता काटकर शुभारंभ किया। शारदा तट पर पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री ने शारदा कॉरिडोर के अंतर्गत झनकईया और काला पुल के पास नवनिर्मित पूर्णागिरि मंदिर क्षेत्र में दो स्नान घाटों के निर्माण की घोषणा की। इस घोषणा से क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

कार्तिक पूर्णिमा और श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं देते हुए सीएम धामी ने कहा कि झनकईया मेला धार्मिक आस्था, लोक संस्कृति और समृद्ध परंपराओं का संगम है। यह मेला सांस्कृतिक विरासत को पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ाने का सशक्त माध्यम है, जिसे नई पीढ़ी भी पूरे उत्साह से संजो रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत-नेपाल सीमा के पास लगने वाला यह मेला दोनों देशों के सांस्कृतिक संबंधों और आपसी सद्भाव को मजबूत करता है। भारत और नेपाल के बीच सदियों से रोटी-बेटी का रिश्ता रहा है और दोनों देशों की सामाजिक परंपराएं आपस में जुड़ी हैं।

यह भी पढ़ें -  संविदा पर तैनात चालक ने अधिकारी को मारी गोली

मेले में सीमांत इलाकों के साथ ही उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और व्यापारी पहुंचते हैं। थारू समाज समेत विभिन्न समुदायों की सहभागिता, लोकगीत और लोकनृत्य इसे खास पहचान देते हैं, वहीं स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों को अपने उत्पादों की बिक्री का मंच भी मिलता है।

सीएम धामी ने कहा कि समाज की असली पहचान उसकी संस्कृति और परंपराओं से होती है। राज्य सरकार पारंपरिक मेलों को लगातार प्रोत्साहित कर रही है, जिसके तहत हाल ही में खटीमा में आदि गौरव महोत्सव और देहरादून में जनजातीय गौरव दिवस मनाया गया।

सीमांत और जनजातीय क्षेत्रों के विकास पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार हर परिवार तक शिक्षा, स्वास्थ्य और आवास जैसी बुनियादी सुविधाएं पहुंचा रही है। अटल आवास योजना में आय सीमा को व्यावहारिक बनाने और सहायता राशि बढ़ाने का फैसला लिया गया है। इसके साथ ही केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान से चर्चा के बाद उत्तराखंड के लिए 50 हजार अतिरिक्त आवास स्वीकृत किए गए हैं।

यह भी पढ़ें -  नार्को टेस्ट के लिए गांधीनगर रवाना हुए पूर्व विधायक सुरेश राठौर, CBI जांच में सहयोग का दिया भरोसा

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना और पीएम-जनमन के जरिए जरूरतमंद परिवारों को पक्के घर दिए जा रहे हैं। जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा के लिए आश्रम पद्धति विद्यालय, एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, केंद्रीय विद्यालय, आईटीआई, पॉलिटेक्निक और छात्रावासों का विस्तार हो रहा है, जबकि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन व वन धन केंद्रों से महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू करने जैसे ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं। अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाकर 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि खाली कराई गई है और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया से युवाओं को रोजगार दिया जा रहा है।

यह भी पढ़ें -  रुद्रप्रयाग में दर्दनाक हादसा खाई में गिरी ईको,2 की मौत 6 घायल

श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए सीएम धामी ने जिला प्रशासन, सिंचाई विभाग, नगर पालिका खटीमा और जिला पंचायत को आपसी तालमेल से स्नान घाट, सुरक्षा और स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शारदा कॉरिडोर के तहत क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक स्थलों का सुनियोजित विकास किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने मेला परिसर में स्थानीय दुकानदारों से जलेबी और सिंघाड़े खरीदकर ‘वोकल फॉर लोकल’ का संदेश दिया। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, गंभीर सिंह धामी, किशन सिंह किन्ना, फरजाना बेगम, मेला समिति अध्यक्ष शेर सिंह दानू, हिमांशु बिष्ट और रनदीप पोखरिया मौजूद रहे। प्रशासन की ओर से जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति, एडीएम विनोद कुमार, निर्मला बिष्ट सहित कई अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।