देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 के संभावित कार्यक्रम को लेकर अहम जानकारी सामने आई है, जिसके तहत 27 से 30 जनवरी के बीच आचार संहिता लागू हो सकती है। इस खबर का सीधा असर मतदाताओं, राजनीतिक दलों, बोर्ड परीक्षार्थियों, शिक्षकों और प्रशासन पर पड़ना तय है, क्योंकि चुनाव फरवरी के बजाय मार्च के पहले सप्ताह में होने की संभावना जताई जा रही है।
अंदरखाने बने चुनावी खाके के मुताबिक 5 से 10 मार्च के बीच पहले चरण में मतदान कराया जा सकता है। उत्तराखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने भी 27 से 30 जनवरी के बीच आचार संहिता लगाने का प्रस्ताव तैयार किया है, जिस पर चुनाव आयोग आधिकारिक कार्यक्रम जारी करेगा।
चुनावी तारीखों को मार्च में ले जाने की बड़ी वजह बोर्ड परीक्षाएं मानी जा रही हैं। राज्य और केंद्रीय बोर्ड की ज्यादातर बड़ी परीक्षाएं 15 फरवरी से 10 मार्च के बीच होनी हैं। चुनाव कराने में सरकारी स्कूलों की इमारतों और शिक्षकों की अहम भूमिका रहती है। इसी वजह से चुनाव आयोग और प्रशासन के सामने परीक्षा और मतदान के बीच संतुलन साधने की चुनौती है।
जनवरी के आखिरी हफ्ते में आचार संहिता लगाकर परीक्षाओं के आखिरी दौर यानी 5 से 10 मार्च के आसपास मतदान कराने की योजना बनाई गई है। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार सीबीएसई कक्षा 10 और 12 की मुख्य बोर्ड परीक्षाएं 16 फरवरी से शुरू होंगी। इनमें कक्षा 10 की परीक्षाएं 9 मार्च तक और कक्षा 12 की परीक्षाएं 9 अप्रैल तक चलेंगी।
आईसीएसई (कक्षा 10) की परीक्षाएं 15 फरवरी से 31 मार्च तक और आईएससी (कक्षा 12) की परीक्षाएं 9 फरवरी से 8 अप्रैल 2027 तक प्रस्तावित हैं। वहीं, उत्तराखंड बोर्ड की परीक्षाएं भी फरवरी से मार्च के पहले सप्ताह के बीच प्रस्तावित की गई हैं।
चुनाव चरणों को लेकर बताया जा रहा है कि चुनाव आयोग इस बार उत्तर प्रदेश का विधानसभा चुनाव तीन चरणों में करा सकता है। साल 2022 में यूपी में सात चरणों में चुनाव हुआ था। संभावित व्यवस्था के तहत पहला चरण मार्च के पहले सप्ताह में होगा। इसी पहले चरण में पश्चिम उत्तर प्रदेश के साथ उत्तराखंड में भी मतदान होने की बात कही जा रही है।
उत्तराखंड में सरकार का कार्यकाल 28 मार्च को पूरा हो रहा है। यह भी कहा गया है कि राज्य में विधानसभा चुनाव के चलते ही जनगणना पहले कराई जा रही है। पिछले चुनावों की बात करें तो 2022 में 8 जनवरी को आचार संहिता लागू हुई थी और 14 फरवरी को मतदान हुआ था। इससे पहले 2017 में 15 फरवरी, 2012 में 30 जनवरी, 2007 में 21 फरवरी और 2002 में 14 फरवरी को मतदान हो चुका है।

