देहरादून। उत्तराखंड के 100 से अधिक सरकारी अस्पताल इस समय उधारी के सहारे चल रहे हैं। दून समेत पूरे प्रदेश में वित्त वर्ष 2026-27 के नौ महीने बीत जाने के बाद भी करीब 40 करोड़ रुपये का बजट जारी नहीं हो सका है। स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. सुनीता टम्टा ने बजट जारी होने में देरी की पुष्टि की है, जिससे अस्पतालों की रोजमर्रा की व्यवस्थाओं पर असर पड़ने लगा है।
प्रदेश के इन अस्पतालों पर करोड़ों रुपये की उधारी हो चुकी है। जानकारी के अनुसार, चिकित्सा प्रबंधन समिति से जुड़े 13 जिला अस्पताल, 22 उपजिला अस्पताल और 70 से अधिक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संचालित हैं। जिलाधिकारियों की अध्यक्षता में होने वाली समिति की बैठकों में पास प्रस्तावों के आधार पर स्वास्थ्य महानिदेशालय से हर साल यह बजट जारी होता है।
आमतौर पर यह बजट हर वर्ष मार्च-अप्रैल में जारी कर दिया जाता है, लेकिन वित्त वर्ष 2026-27 के लगभग 40 करोड़ रुपये नौ महीने बाद भी अटके हैं। बजट न मिलने से अस्पतालों के वेंडर अब बकाया भुगतान के लिए तगादा कर रहे हैं। कई वेंडरों ने भुगतान न होने पर सेवाएं रोकने तक की चेतावनी दी है, जिससे व्यवस्थाएं गड़बड़ाने का खतरा पैदा हो गया है।
अस्पतालों में सीपीएस के इसी बजट से दवाइयां, चिकित्सा उपकरण, जांच सुविधा और मरीज सहायता जैसे काम चलते हैं। इसके अलावा सुरक्षा, सफाई व्यवस्था, भवन मरम्मत, पानी और शौचालय की देखरेख भी इसी राशि से होती है।
विभागीय स्तर पर जिला अस्पतालों को सालाना एक से तीन करोड़ रुपये तक और उपजिला अस्पतालों व सीएचसी को लाखों रुपये तक का बजट मिलता है। स्वास्थ्य महानिदेशक के मुताबिक प्रदेश में कुल 81 सीएचसी हैं, जिनमें से कुछ सीपीएस में शामिल नहीं हैं।
बजट अटकने के पीछे प्रक्रिया में बदलाव और तबादले मुख्य वजह बताए जा रहे हैं। पहले पिछले वर्षों के औसत बजट के आधार पर राशि जारी कर दी जाती थी, लेकिन इस बार शासन ने जिलाधिकारियों से समिति में पास प्रस्तावों की सूची मांगी है।
प्रस्तावों की सूची मंगाने की प्रक्रिया और शासन में अधिकारियों के तबादलों के चलते देरी हुई है। स्वास्थ्य सचिव विनय शंकर पांडेय की अध्यक्षता में कई बैठकें हो चुकी हैं, लेकिन अभी तक समाधान नहीं निकल सका है। स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. सुनीता टम्टा ने कहा कि सभी जिलों से पास प्रस्तावों की जानकारी मांगी गई है और शासन से लगातार बातचीत चल रही है। उन्होंने भरोसा जताया कि व्यवस्थाएं बिगड़ने से पहले सभी अस्पतालों को बजट जारी कर दिया जाएगा।

