देहरादून। उत्तराखंड में नवंबर के आखिरी दिनों में भी मौसम का मिजाज गर्म है। सोमवार को देहरादून समेत कई शहरों में दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस तक ऊपर दर्ज किया गया। मौसम निदेशक डॉ. सीएस तोमर ने बताया कि आगे भी प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहेगा और बारिश के आसार नहीं हैं, जिससे लोगों को दिन में धूप की गर्माहट और सुबह-शाम ठंड महसूस हो रही है।
मैदानी इलाकों में दिनभर निकल रही धूप ने सर्दी के तेवर नरम कर दिए हैं। दिन में हल्की गर्मी लग रही है, लेकिन सूरज ढलते ही ठंड असर दिखाने लगती है। सुबह, शाम और रात के वक्त प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में ठिठुरन बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 27.2 डिग्री सेल्सियस रहा। दून का न्यूनतम तापमान भी सामान्य से दो डिग्री ऊपर करीब 11.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मैदानी क्षेत्रों के साथ पहाड़ों में भी दिन का पारा चढ़ा है। पंतनगर में अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 26.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पहाड़ी इलाकों में मुक्तेश्वर के दिन का पारा सामान्य से तीन डिग्री उछलकर 19.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। हालांकि वहां रात में सर्दी कायम है और न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
नई टिहरी में दिन का अधिकतम तापमान करीब 18.7 डिग्री सेल्सियस के सामान्य स्तर पर रहा। वहीं रात का तापमान सामान्य से दो डिग्री गिरकर करीब 4.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। मौसम निदेशक डॉ. सीएस तोमर के मुताबिक आगामी दिनों में पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रह सकता है। बारिश न होने से दिन में धूप बनी रहेगी, जबकि पहाड़ी घाटियों में सुबह-शाम हल्के से मध्यम कोहरे के साथ मौसम विभाग की ओर से फिलहाल कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।

