डेनिस का मोह नहीं छोड़ पा रहे हरीश रावत! चाय की चुस्की में भी याद आया पुराना प्यार, चुनाव से पहले फिर छेड़ा ‘डेनिस’ राग….

ख़बर शेयर करें

कभी शराब के नाम पर मचा था सियासी बवाल, अब चाय को ही बता दिया डेनिस! भाजपा को भी काफल-माल्टा और हिलटॉप का न्योता देकर हरीश रावत ने फिर दे दी सियासत को नई चर्चा।

देहरादून। उत्तराखंड की सियासत में कुछ किस्से ऐसे हैं, जो वक्त गुजरने के बाद भी पीछा नहीं छोड़ते। कुछ मुद्दे ऐसे होते हैं, जिन्हें राजनीतिक दल भले ही भुलाने की कोशिश करें, लेकिन सियासी गलियारों में उनकी गूंज बार-बार सुनाई देती है। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और डेनिस शराब का किस्सा भी कुछ ऐसा ही है। लगता है कि हरीश रावत के दिल से डेनिस का मोह आज तक कम नहीं हुआ है। विधानसभा चुनाव 2027 की आहट के बीच हरीश रावत ने एक बार फिर डेनिस का जिक्र छेड़कर पुराने सियासी जख्मों को कुरेद दिया है।

दरअसल, हरीश रावत ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया है, जिसमें वह चाय की चुस्की लेते नजर आ रहे हैं। लेकिन इस चाय की चुस्की को भी उन्होंने साधारण नहीं रहने दिया। उन्होंने बड़े ही दिलचस्प अंदाज में इसे डेनिस का नाम दे दिया। यानी डेनिस का नाम लेने का मौका मिला तो हरीश रावत उसे छोड़ना नहीं चाहते। उन्होंने डेनिस को एक बार फिर अपना प्यार बताते हुए भाजपा के मित्रों को भी काफल, माल्टा और हिलटॉप का आनंद लेने की सलाह दे डाली। अब सवाल यह है कि आखिर हरीश रावत को डेनिस की याद इतनी शिद्दत से क्यों आती है?

यह भी पढ़ें -  खटीमा: प्रकाश पर्व और कार्तिक पूर्णिमा पर सीएम धामी ने गुरुद्वारा साहिब में टेका मत्था, तीर्थ विकास पर दिया जोर

दरअसल, उनके मुख्यमंत्री रहते डेनिस ब्रांड की शराब उत्तराखंड की राजनीति में बड़ा मुद्दा बन गई थी। उस दौर में डेनिस को लेकर विपक्ष ने जमकर हमले किए थे। राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप से लेकर सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों और वीडियो तक, इस ब्रांड ने खूब सुर्खियां बटोरी थीं। हरीश रावत के लिए डेनिस महज एक ब्रांड नहीं, बल्कि राजनीतिक विरोधियों के हाथ लगा ऐसा मुद्दा बन गया था, जिसे लेकर भाजपा ने लंबे समय तक कांग्रेस को घेरा।

यह भी पढ़ें -  खटीमा: सीएम धामी ने किया झनकईया गंगा स्नान मेले का शुभारंभ, शारदा कॉरिडोर के तहत बनेंगे दो नए स्नान घाट

अब जब 2027 का चुनावी रण धीरे-धीरे सजने लगा है, तो हरीश रावत का डेनिस प्रेम फिर सामने आ गया है। फर्क सिर्फ इतना है कि पहले डेनिस शराब के नाम पर चर्चा होती थी और अब चाय की प्याली में डेनिस नजर आ रहा है। हरीश रावत ने अपने अंदाज में पुराने विवाद को हास्य और व्यंग्य का रंग देने की कोशिश की है। साथ ही भाजपा को काफल, माल्टा और हिलटॉप का न्योता देकर यह संदेश भी दिया है कि पहाड़ के स्थानीय उत्पादों और स्वाद को भी सियासत की चर्चा का हिस्सा बनाया जाए।

हालांकि, हरीश रावत की इस पोस्ट को सिर्फ चाय की चुस्की और सोशल मीडिया का मजाक समझकर नजरअंदाज करना भी आसान नहीं है। उत्तराखंड में चुनावी माहौल बनने से पहले नेताओं की हर पोस्ट के राजनीतिक मायने तलाशे जा रहे हैं। ऐसे में हरीश रावत का डेनिस को याद करना भी चर्चा का विषय बन गया है सियासत में कहा जाता है कि पुराने मुद्दे कभी पूरी तरह खत्म नहीं होते, बस उनके इस्तेमाल का तरीका बदल जाता है।

यह भी पढ़ें -  देहरादून में ट्रांसजेंडर मतदाताओं की भागीदारी बढ़ाने की पहल, बनाए गए नए ब्रांड एंबेसडर

हरीश रावत ने भी शायद यही किया है। कभी डेनिस उनके लिए विपक्ष के हमलों का कारण बना था, तो अब उसी डेनिस के नाम को वह मुस्कुराते हुए अपनी चाय की प्याली में ले आए हैं। अब देखने वाली बात यह होगी कि भाजपा इस पुराने डेनिस प्रेम पर कोई सियासी चुटकी लेती है या फिर हरीश रावत की इस चाय वाली पोस्ट को नजरअंदाज कर देती है। लेकिन इतना तय है कि 2027 से पहले हरीश रावत ने डेनिस की पुरानी फाइल एक बार फिर खोल दी है।