देहरादून। उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय की यूजी मॉपअप राउंड काउंसलिंग में 24 नवंबर को नीट के 215 अंकों को 315 बताकर बीएएमएस में दाखिले का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। विश्वविद्यालय के उप कुलसचिव संजीव कुमार पांडेय की ओर से डोईवाला थाने में तहरीर दी गई है, जिसका सीधा असर संबंधित अभ्यर्थी के दाखिले की प्रक्रिया और काउंसलिंग की जांच व्यवस्था पर पड़ा है।
मामले के अनुसार, फरीदाबाद निवासी अनुराग खरे 24 नवंबर को बेटी आस्था खरे की यूजी मॉपअप राउंड काउंसलिंग में पहुंचे थे। उन्होंने दावा किया कि नीट परिणाम में बेटी के अंक गलत दर्ज हुए हैं और वास्तविक अंक 215 के बजाय 315 हैं। उन्होंने 315 अंक वाला स्कोर कार्ड प्रस्तुत किया और 23 नवंबर को विश्वविद्यालय को ईमेल भी भेजा था। लेकिन काउंसलिंग के दौरान स्कोर कार्ड का क्यूआर कोड स्कैन करते ही मामला पकड़ में आ गया।
क्यूआर कोड स्कैन करने पर 215 अंक सामने आए, जबकि स्कोर कार्ड पर 315 अंक दर्ज थे। विश्वविद्यालय के रिकॉर्ड खंगालने पर एक ही आवेदन संख्या पर दो आवेदन प्रपत्र मिले। जांच में पाया गया कि दोनों आवेदन प्रपत्रों में छात्रा का नीट रोल नंबर, जन्मतिथि, व्यक्तिगत विवरण, भुगतान और च्वाइस लॉकिंग का समय समान था। दोनों आवेदन 19 नवंबर को सुबह 8:53 बजे लॉक किए गए थे और 2,000 रुपये का भुगतान भी एक जैसा था।
हालांकि एक आवेदन में 215 अंक, 50.6446088 पर्सेंटाइल और 9,81,113 ऑल इंडिया रैंक दर्ज थी। वहीं दूसरे में 315 अंक, 72.7723205 पर्सेंटाइल और 5,81,113 रैंक दर्शाई गई, जिससे अंकों के साथ रैंक में भी चार लाख का अंतर दिखा। विश्वविद्यालय की 21 नवंबर को जारी अनंतिम मेरिट सूची में भी छात्रा के 215 अंक और 9,81,113 रैंक ही दर्ज थी। क्यूआर कोड स्कैन करने पर भी यही अंक सामने आए।
काउंसलिंग बोर्ड ने दाखिले में अनुचित लाभ लेने के लिए दस्तावेजों में कथित हेरफेर मानते हुए एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए। इसके बाद उप कुलसचिव संजीव कुमार पांडेय ने दस्तावेजों को संदिग्ध व कूटरचित बताते हुए पिता के खिलाफ डोईवाला थाने में तहरीर देकर जांच व कार्रवाई की मांग की।

