देहरादून। उत्तराखंड में पोस्ट मानसून बारिश का दौर थमते ही अब पूरे प्रदेश में सुबह और शाम के समय ठंड का असर तेजी से बढ़ने लगा है। हालांकि, दिन के समय खिली हुई चटख धूप के कारण पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों में मौसम खुशनुमा बना हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक आने वाले दिनों में प्रदेश भर में मौसम पूरी तरह शुष्क रहने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के आधिकारिक आंकड़ों पर नजर डालें तो रविवार को राजधानी देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक यानी 30.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान में सामान्य से एक डिग्री की गिरावट के साथ यह 14.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। देहरादून के अलावा प्रदेश के अन्य पर्वतीय और मैदानी इलाकों में भी तापमान का कमोबेश यही मिजाज देखने को मिल रहा है।
दिन में तेज धूप रहने से भले ही दोपहर के वक्त ठंड का अहसास कम हो रहा है, लेकिन सूरज ढलते ही फिज़ा में ठंडक घुलने लगी है। रात के समय ओस गिरने के कारण न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे सुबह-शाम ठिठुरन बढ़ने लगी है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आने वाले दिनों में दिन और रात के तापमान के बीच यह अंतर और अधिक बढ़ेगा, जिससे ठंड का प्रकोप और तेज होगा।

