उत्तराखंड में मतदाता नोटिस पर एक्शन, सुनवाई के दौरान फील्ड में उतरेंगे सभी DM

ख़बर शेयर करें

देहरादून। राज्य निर्वाचन कार्यालय से मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की। इस बैठक में उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दूसरे चरण में मतदाताओं को जारी किए जा रहे नोटिसों और उनकी सुनवाई की प्रगति का जायजा लिया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी के इन कड़े निर्देशों का सीधा असर प्रदेश के सभी 13 जिलों के निर्वाचन तंत्र और आम मतदाताओं पर पड़ेगा।

समीक्षा बैठक के दौरान डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने सभी जिलाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि वे अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों का खुद धरातल पर जाकर निरीक्षण करें। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि नोटिस सुनवाई की नियमित समीक्षा की जाए और प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त न की जाए।

यह भी पढ़ें -  बाजपुर चीनी मिल स्क्रैप घोटाला: अनशन स्थल पहुंचे यशपाल आर्य, सरकार पर दागे सीधे सवाल

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि जिन भी मतदाताओं को नोटिस जारी किए जाने हैं, उन्हें ये नोटिस समय पर मिलना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, अपना पक्ष रखने के लिए मतदाताओं को सुनवाई का पर्याप्त समय दिया जाना चाहिए ताकि किसी भी पात्र नागरिक का नाम वोटर लिस्ट से न छूटे।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड में ईवी और स्वच्छ वाहनों पर सब्सिडी, सीएम धामी ने दिए चेक

समीक्षा बैठक के दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने चुनावी तैयारियों को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश और अपडेट जारी किए। दस्तावेज सत्यापन और ईआरओ व एईआरओ की सहायता में तेजी लाने के उद्देश्य से शिक्षा, राजस्व और तहसील विभाग से नोडल अधिकारियों को नामित करने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके अलावा, राज्य के सभी जनपदों में शत-प्रतिशत नोटिस प्रिंटिंग का कार्य पूरा कर उन्हें ईआरओ और बीएलओ स्तर तक पहुंचा दिया गया है, जिससे प्रदेशभर में मतदाताओं की आपत्तियों, दावों और नोटिसों की सुनवाई का काम सुचारू रूप से शुरू हो चुका है।

यह भी पढ़ें -  Dehradun: करोड़ों की ठगी में बिल्डर शाश्वत गर्ग और परिवार पर लुकआउट नोटिस, एयरपोर्ट्स पर अलर्ट

बीएलओ और स्थानीय प्रशासनिक अमले को आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान मौके पर ही करने और पारदर्शिता बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। इस उच्चस्तरीय बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी और सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित सभी जिलों के जिलाधिकारी और उप निर्वाचन अधिकारी ऑनलाइन माध्यम से जुड़े रहे, जिन्होंने निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का समयबद्ध तरीके से पालन करने का भरोसा दिलाया।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad