उत्तराखंड से नेपाल का सफर होगा आसान: रोडवेज को मिले 16 नए परमिट, दून और हरिद्वार से सीधे चलेंगी बसें

ख़बर शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड से नेपाल के बीच सफर करने वाले यात्रियों और पर्यटकों के लिए बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। उत्तराखंड परिवहन निगम को नेपाल के प्रमुख शहरों तक सीधी रोडवेज बस सेवा संचालित करने के लिए 16 नए परमिट मिल गए हैं। इस फैसले के बाद अब यात्रियों को सीमा पर बस बदलने की झंझट से मुक्ति मिलेगी।

परिवहन निगम के महाप्रबंधक (संचालन) क्रांति सिंह ने इस महत्वपूर्ण फैसले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि राज्य परिवहन प्राधिकरण के माध्यम से बस संचालन की सभी जरूरी कागजी प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई हैं। परमिट मिलने के साथ ही अब हरिद्वार और देहरादून से नेपाल के शहरों के लिए सीधी बसें रवाना होंगी।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड ब्लॉक प्रमुख सम्मेलन 2026: CM धामी ने की 4 ऐतिहासिक घोषणाएं, क्षेत्र पंचायत निधि फिर होगी शुरू

स्वीकृत किए गए 16 परमिटों के तहत पहली सेवा हरिद्वार से नेपालगंज और दूसरी सेवा देहरादून से महेंद्र नगर के बीच शुरू की जाएगी। निगम अधिकारियों के मुताबिक, हरिद्वार से नेपालगंज रूट के परमिट पर काउंटर हस्ताक्षर की कानूनी प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है, जिससे बसों का संचालन जल्द धरातल पर दिखाई देगा।

वर्तमान में उत्तराखंड परिवहन निगम की बसें हरिद्वार से भारत-नेपाल सीमा पर स्थित रूपेडिया तक ही जाती हैं, जहां छह साधारण बसों का संचालन हो रहा है। नए परमिट की व्यवस्था लागू होते ही ये बसें अब रूपेडिया पर रुकने के बजाय सीधे सीमा पार कर नेपाल के नेपालगंज शहर तक यात्रियों को पहुंचाएंगी।

यह भी पढ़ें -  मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी 2026 का भव्य समापन, देहरादून बना ओवरऑल चैंपियन; CM धामी बोले- मेडल जीतने वालों को मिलेगा सरकारी नौकरी में आरक्षण

इसी तरह राजधानी देहरादून से वर्तमान में बसें केवल बनबसा तक ही चलाई जाती हैं। लेकिन नए रूट परमिट के लागू होने के बाद दून डिपो की बसें बनबसा से आगे बढ़कर सीधे नेपाल के महेंद्र नगर शहर तक जाएंगी। इससे गढ़वाल क्षेत्र से नेपाल जाने वाले लोगों का समय और पैसा दोनों बचेगा।

निगम प्रबंधन ने बस सेवाओं की श्रेणी को लेकर भी स्थिति स्पष्ट की है। शुरुआती चरण में नेपालगंज और महेंद्र नगर रूटों पर साधारण रोडवेज बसों का संचालन किया जाएगा। इसके साथ ही लंबी दूरी के यात्रियों की सुविधा के लिए जल्द ही इन रूटों पर लग्जरी वॉल्वो बसें चलाने की भी तैयारी की जा रही है।

यह भी पढ़ें -  नैनीताल की लोअर माल रोड पर 2 नवंबर से दौड़ेगे वाहन करीब 1 साल बाद शुरू होगी वाहनों की आवाजाही

उत्तराखंड परिवहन निगम के इस कदम से दोनों देशों के बीच सीमावर्ती व्यापार, पर्यटन और सांस्कृतिक संबंधों को नई गति मिलेगी। नेपाल से उत्तराखंड में काम और इलाज के लिए आने वाले लोगों के साथ-साथ पर्यटन के लिए नेपाल जाने वाले भारतीय यात्रियों के लिए भी यह सीधी सेवा बेहद मददगार साबित होगी।