देहरादून- खेल विभाग की ओर से आयोजित मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी उत्तराखंड 2026 यानी खेल महाकुंभ का भव्य समापन समारोह हुआ। इस खेल महाकुंभ में जिला देहरादून ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी अपने नाम की।
समापन समारोह में प्रदेश के दूर-दराज के क्षेत्रों और सभी 13 जिलों से आए हजारों बच्चों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। समापन पर मलखंभ और योग का बेहतरीन प्रदर्शन भी किया गया। समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य में खेल महाकुंभ का 10वां संस्करण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ है।
उन्होंने बड़ी घोषणाएं करते हुए कहा:इस बार खेल महाकुंभ में 3 लाख 35 हजार से अधिक बच्चों ने भाग लिया।न्याय पंचायत से लेकर राज्य स्तर तक के खिलाड़ियों को DBT के माध्यम से 11 करोड़ 30 लाख रुपये की सहायता राशि दी गई है। सीएम धामी ने कहा खेल महाकुंभ में मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों को सरकारी सेवाओं में 4 फीसद आरक्षण दिया जाएगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं के भविष्य को संवारने और उन्हें अंतरराष्ट्रीय मंचों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

वहीं सूबे की खेल मंत्री रेखा आर्य ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी का आयोजन 1 सितंबर से शुरू हुआ था जो आज अपने समापन पर पहुंचा है। इस आयोजन में 662 न्याय पंचायत स्तर तक के खिलाड़ियों को राज्य स्तर पर खेलने का मौका मिला है।
वहीं उन्होने धामी सरकार की योजनाओ का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य में ‘मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी योजना’ और ‘मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना’ के तहत छात्रों को स्कॉलरशिप और आर्थिक सहायता दी जा रही है।राज्य में आधुनिक स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर और खेल विश्वविद्यालय का निर्माण तेजी से आगे बढ़ रहा है।

