उत्तराखंड पुलिस को मिली नई पहचान: सीएम धामी ने नए ध्वज, प्रतीक चिह्न और सेरेमोनियल वर्दी का किया अनावरण

ख़बर शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज देहरादून स्थित मुख्यमंत्री आवास सभागार में आयोजित एक राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड पुलिस के नवीन ध्वज, प्रतीक चिह्न, फॉरमेशन साइन, इंसिग्निया, क्रेस्ट और सेरेमोनियल वर्दी का आधिकारिक अनावरण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ थीम पर सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 का भी शुभारंभ किया और उपस्थित अधिकारियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड पुलिस सेवा से भारतीय पुलिस सेवा में प्रोन्नत हुए दो वरिष्ठ अधिकारियों शाहजहां जावेद खान और जगदीश चंद्र को प्रतीक चिह्न से अलंकृत कर शुभकामनाएं दीं। इस खास मौके पर मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ सहित शासन और पुलिस महकमे के तमाम वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें -  नैनीताल: रामनगर के पूछड़ी क्षेत्र में अतिक्रमण पर बड़े एक्शन की तैयारी, 900 पुलिसकर्मी और बुलडोजर तैनात

पुलिस बल को नई पहचान की बधाई देते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि वेशभूषा और प्रतीकों में यह बदलाव केवल औपचारिक नहीं है, बल्कि यह उत्तराखंड पुलिस की गौरवशाली परंपराओं, शौर्य और अनुशासन को और अधिक मजबूत करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि वर्दी का सम्मान आचरण से और जनता का विश्वास संवेदनशीलता से ही हासिल होता है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘स्मार्ट पुलिसिंग’ विजन का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड पुलिस का नया ध्येय वाक्य ‘कर्म सत्यं शौर्यम्’ तय किया गया है। यह नया वाक्य प्रत्येक जवान को कर्तव्यनिष्ठा, सत्यनिष्ठा और साहस का अहसास कराएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि आधुनिक तकनीक और बेहतर प्रशिक्षण के जरिए राज्य पुलिस को अधिक सक्षम बनाना सरकार की प्राथमिकता है।

यह भी पढ़ें -  चमोली: बदरीनाथ धाम से दून आ रहा हेलीकॉप्टर चाई गांव के पास दुर्घटनाग्रस्त, पायलट समेत 6 लोग थे सवार

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सतर्कता जागरूकता सप्ताह का जिक्र करते हुए भ्रष्टाचार के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति दोहराई। उन्होंने आम जनता से अपील की कि किसी भी प्रकार की भ्रष्टाचार संबंधी शिकायत हेल्पलाइन नंबर 1064 पर दर्ज कराएं। साथ ही मुख्य सचिव को निर्देश दिए कि 1064 हेल्पलाइन पर आने वाली शिकायतों की नियमित समीक्षा की जाए और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित हो।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने एक बड़ी जानकारी साझा करते हुए बताया कि आगामी 6 नवंबर को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह उत्तराखंड पुलिस को प्रतिष्ठित ‘राष्ट्रपति पुलिस कलर’ से अलंकृत करेंगे। राज्य स्थापना दिवस के इस अवसर पर उत्तराखंड पुलिस के जवान पहली बार अपनी इस नई सेरेमोनियल वर्दी में सुसज्जित होकर भव्य निशान परेड में हिस्सा लेंगे।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड पुलिस, वन व आबकारी विभाग में 1818 पदों पर भर्ती शुरू, UKSSSC को भेजा अधियाचन

उत्तराखंड पुलिस का नया प्रतीक चिह्न राष्ट्रीय गौरव और राज्य की विशिष्ट पहचान का संगम है। इसमें अशोक स्तंभ, ‘सत्यमेव जयते’, स्वर्णिम लॉरेल रीथ के साथ हिमालय और पवित्र नदियों को दर्शाया गया है। पूर्व प्रचलित तीन रंगों वाले झंडे के स्थान पर अब गहरे नीले रंग की पृष्ठभूमि वाला नया ध्वज अपनाया गया है, जिसके मध्य नया पुलिस प्रतीक चिह्न अंकित है।

उल्लेखनीय है कि उत्तराखंड पुलिस के ध्वज का अनावरण इससे पूर्व 4 अप्रैल 2008 को हुआ था। समय के साथ बदलती चुनौतियों को देखते हुए 21 अक्टूबर 2026 को मुख्यमंत्री द्वारा इस नए स्वरूप को अनुमोदन प्रदान किया गया था, जिसे अब औपचारिक रूप से लागू कर दिया गया है।