चमोली: बदरीनाथ धाम से दून आ रहा हेलीकॉप्टर चाई गांव के पास दुर्घटनाग्रस्त, पायलट समेत 6 लोग थे सवार

ख़बर शेयर करें

चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिला स्थित प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम से देहरादून के सहस्त्रधारा जा रहा ट्रांस भारत कंपनी का एक हेलीकॉप्टर जोशीमठ के चाई गांव के ऊपर लापता हो गया है। थाना जोशीमठ के उप निरीक्षक मनोहर कन्याल के अनुसार, दोपहर 2:21 बजे चाई गांव के पास हेलीकॉप्टर की क्रैश लैंडिंग की सूचना एसडीएम जोशीमठ को मिली है।

उत्तराखंड सिविल एविएशन डेवलपमेंट अथॉरिटी के अनुसार, ट्रांस भारत कंपनी के इस हेलीकॉप्टर की अंतिम लोकेशन चाई गांव स्थित आर्मी कैंप के पास दिखाई दे रही है। यह हेलीकॉप्टर बदरीनाथ धाम से उड़ान भरकर देहरादून आ रहा था, जिसमें पायलट समेत कुल 6 लोग सवार हैं।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड में 20 हजार से ज्यादा राशन कार्ड रद्द, 82 हजार अपात्रों के नाम सूची से बाहर

सूचना मिलते ही राहत और बचाव कार्य युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया गया है। दोपहर 2:21 बजे सूचना मिलने के ठीक तीन मिनट बाद, यानी 2:24 बजे SDRF की जोशीमठ और पांडुकेश्वर टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई वहीं जिला प्रशासन और पुलिस टीमों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। उच्च हिमाली क्षेत्र में खराब मौसम, बर्फबारी और प्रतिकूल मौसम के कारण अभी यह पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह हेलीकॉप्टर का पूर्ण क्रैश है या फिर आपातकालीन क्रैश लैंडिंग। फिलहाल पूरे इलाके में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

यह भी पढ़ें -  चमोली: बदरीनाथ से देहरादून आ रहा हेलीकॉप्टर चाई गांव में दुर्घटनाग्रस्त, 6 यात्रियों की गई जान

वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जोशीमठ के चाई गांव के पास हेलीकॉप्टर क्रैश होने की घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और SDRF की संयुक्त टीमें मौके पर तेजी से रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं।

यह भी पढ़ें -  देहरादून: अंधेरे में डूबीं प्रमुख सड़कें, जिला प्रशासन के सर्वे में खुली पोल, 806 स्ट्रीट लाइटें खराब

सीएम धामी स्वयं इस पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि गंभीर रूप से घायलों को तुरंत एअरलिफ्ट कर बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर पहुंचाया जाए। इसके साथ ही उन्होंने ईश्वर से सभी यात्रियों के सकुशल होने की प्रार्थना भी की है।