चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है जहां बदरीनाथ धाम से देहरादून जा रहा ट्रांस भारत एविएशन का हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। यह हादसा जोशीमठ के पास चाई गांव में, हाथी पर्वत के पास हुआ। इस दर्दनाक हादसे में पायलट समेत सभी 6 लोगों की मौत हो गई है।
हादसे की मुख्य वजह खराब मौसम और भारी बर्फबारी को माना जा रहा है। पहाड़ों में अचानक विजिबिलिटी बेहद कम हो गई, जिसके कारण हेलीकॉप्टर का एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क टूट गया। इसके तुरंत बाद प्रशासन ने लापता हेलीकॉप्टर को ढूंढने के लिए दो अन्य हेलीकॉप्टरों को हवाई खोज अभियान में लगाया।
इस हादसे में जान गंवाने वाले सभी 6 लोगों की पहचान हो चुकी है। हेलीकॉप्टर को पायलट हिमांशु उड़ा रहे थे। उनके साथ सवार पांच यात्रियों के नाम चंद्रकांत, राजश्री, दिनेश, आकाश और अथर्व हैं। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और SDRF की टीमें मौके पर पहुंच गईं और संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस हादसे पर गहरा दुख जताया है और नागरिक उड्डयन विभाग इस घटना के तकनीकी कारणों की जांच कर रहा है।

