देहरादून। राज्य सचिवालय में आयोजित स्टेट स्टीयरिंग कमेटी की उच्चस्तरीय बैठक में युवाओं को स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार और विदेशों में ओवरसीज नौकरियां दिलाने की योजना पर मंथन हुआ। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में स्पेक्ट्रम टैलेंट मैनेजमेंट लिमिटेड द्वारा राज्य में रोजगार के नए अवसर तैयार करने का खाका प्रस्तुत किया गया।
सचिवालय में हुई इस महत्वपूर्ण बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने कंपनी और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस पूरे मॉडल को धरातल पर उतारने के लिए ठोस और पारदर्शी कार्ययोजना बनाई जाए। उन्होंने साफ कहा कि किसी भी योजना की सफलता उसके स्पष्ट रेवेन्यू मॉडल और सटीक क्रियान्वयन पर निर्भर करती है, इसलिए प्रक्रिया को जल्द से जल्द पारदर्शी बनाया जाए।
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने बैठक में स्पष्ट किया कि इस पहल के जरिए यह तय होना चाहिए कि प्रदेश के कितने युवाओं को रोजगार मिलेगा। इसके साथ ही युवाओं को अंतरराष्ट्रीय बाजार की मांग के हिसाब से कौशल प्रशिक्षण देने, गुणवत्तापूर्ण ट्रेनर्स की व्यवस्था करने और ट्रेनिंग पूरी होने के बाद युवाओं का शत-प्रतिशत प्लेसमेंट सुनिश्चित करने का पूरा खाका तैयार किया जाए।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रशिक्षण कार्यक्रमों का ढांचा युवाओं और महिलाओं की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया जाए। उन्होंने कहा कि विदेशों में किस तरह के हुनर की मांग है, उसी के आधार पर ट्रेनिंग प्रोग्राम तय किए जाएं ताकि राज्य के युवाओं को विदेशी धरती पर बेहतर अवसर और करियर ग्रोथ मिल सके।
रोजगार से जुड़ी इस पूरी प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए मुख्य सचिव ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि हर गतिविधि के लिए एक समय-सीमा तय होनी चाहिए। इसके अलावा, सभी विभागों, निजी कंपनियों और हितधारकों के बीच बेहतर तालमेल के लिए एक विस्तृत कार्यशाला आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
प्रशासनिक स्तर पर इस मॉडल को आगे बढ़ाने के साथ ही कंपनी को नेशनल स्टीयरिंग कमेटी से आवश्यक मंजूरी प्राप्त करने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य सचिव ने कहा कि सही दिशा में किया गया यह प्रयास राज्य में युवाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाएगा और कौशल विकास के जरिए पलायन की समस्या पर भी रोक लगाएगा।
सचिवालय में आयोजित इस बैठक में शासन के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मुख्य रूप से सचिव सी. रविशंकर, सचिव रणवीर सिंह चौहान, अपर सचिव मनुज गोयल और स्पेक्ट्रम टैलेंट मैनेजमेंट लिमिटेड के निदेशक सिद्धार्थ अग्रवाल सहित अन्य अधिकारियों ने बैठक में हिस्सा लिया और योजना पर अपने सुझाव रखे।

