हरिद्वार अर्धकुंभ के लिए केंद्र का बड़ा फैसला, उत्तराखंड को मिलेगा 14,520 मीट्रिक टन अतिरिक्त राशन

ख़बर शेयर करें

हरिद्वार। भव्य ‘अर्धकुंभ मेला-2027’ के सफल और सुव्यवस्थित आयोजन के लिए केंद्र सरकार ने उत्तराखंड को 14,520 मीट्रिक टन अतिरिक्त खाद्यान्न आवंटित किया है। केंद्रीय खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रह्लाद जोशी ने पत्र भेजकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को इस आवंटन की आधिकारिक जानकारी दी है। इस फैसले से मेले के दौरान श्रद्धालुओं के लिए राशन और खाद्य सामग्री की सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित होगी।

अर्धकुंभ मेले के दौरान जुटने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं की जरूरतों को देखते हुए उत्तराखंड सरकार ने केंद्र से अतिरिक्त खाद्यान्न की मांग की थी। राज्य सरकार के इस अनुरोध पर त्वरित कदम उठाते हुए भारत सरकार के खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग ने 7,260 मीट्रिक टन गेहूं और 7,260 मीट्रिक टन चावल के अतिरिक्त कोटे की स्वीकृति प्रदान कर दी है।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड में शुक्रवार से रोडवेज बसों का चक्का जाम: वार्ता विफल होने के बाद बेमियादी हड़ताल

समय से पहले मिली इस खाद्यान्न स्वीकृति से हरिद्वार और आसपास के मेला क्षेत्रों में चलने वाले अन्न क्षेत्रों, भंडारों और सार्वजनिक वितरण प्रणाली की व्यवस्था को बड़ी मजबूती मिलेगी। इससे मेले के दौरान राशन वितरण तंत्र पर पड़ने वाले अतिरिक्त दबाव को आसानी से नियंत्रित किया जा सकेगा।

यह भी पढ़ें -  एक्शन में सीएम धामी: श्रीनगर से लौटते समय बदरीनाथ हाईवे और देवप्रयाग में सुलभ शौचालय का किया औचक निरीक्षण

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अर्धकुंभ मेले के लिए अतिरिक्त खाद्यान्न दिए जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार का हार्दिक आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि केंद्र के इस बड़े सहयोग से मेले में आने वाले देश-विदेश के श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं देने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने दोहराया कि राज्य सरकार हरिद्वार अर्धकुंभ 2027 को दिव्य, भव्य और सुरक्षित रूप से आयोजित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। खाद्य सुरक्षा के लिए अग्रिम रूप से मिला यह आवंटन मेले से जुड़ी बुनियादी तैयारियों को और अधिक गति प्रदान करेगा।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड सरकारी विभागों पर 539 करोड़ का बिजली बिल बकाया, CM धामी ने दिए सख्त निर्देश

केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी द्वारा प्रेषित पत्र में स्पष्ट किया गया है कि इस विशेष आवंटन का इस्तेमाल मुख्य रूप से अर्धकुंभ मेले के दौरान भोजन और आपूर्ति प्रबंधन को दुरुस्त करने के लिए होगा। केंद्र के इस हरी झंडी के बाद अब राज्य का खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग खाद्यान्न के उठाव और भंडारण की विस्तृत रणनीति बनाने में जुट गया है।