देहरादून। उत्तराखंड के 15 हजार से अधिक गरीब परिवारों के लिए बड़ी खुशखबरी है, दरअसल, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार ने प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी के तहत आगामी दिसंबर माह तक 15,496 परिवारों को पक्के मकान की सौगात देने का लक्ष्य तय किया है। इसके साथ ही, राज्य सरकार ने पात्र लाभार्थियों को मिलने वाली अपनी वित्तीय हिस्सेदारी को 50 हजार रुपये से बढ़ाकर 75 हजार रुपये कर दिया है।
योजना को समय पर पूरा करने के लिए आवास विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। शासन ने सभी कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए हैं कि लंबित आवासीय परियोजनाओं का निर्माण कार्य हर हाल में 30 सितंबर तक पूरा कर लिया जाए, ताकि दिसंबर तक मकानों का हस्तांतरण किया जा सके।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र पर चलते हुए सरकार हर पात्र व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना गरीब परिवारों के सम्मान, सुरक्षा और बेहतर भविष्य की मजबूत नींव है।
आवास विभाग के सचिव डॉ. आर. राजेश के अनुसार प्रदेश में कुल 18 परियोजनाओं के तहत 15,496 मकान बनाए जा रहे हैं। इनमें से करीब 84 प्रतिशत यानी 12,948 मकान बनकर तैयार हो चुके हैं। यही नहीं, 1,271 लाभार्थियों को चाबियां भी सौंपी जा चुकी हैं, जिनमें रुड़की के 768 और हरिद्वार के 503 परिवार शामिल हैं।
योजना के तहत सबसे ज्यादा 10,200 मकान ऊधम सिंह नगर जिले में तैयार किए जा रहे हैं। इनमें रुद्रपुर हाउसिंग स्कीम के 1,872 मकान पूरी तरह तैयार हैं। इसके अलावा जसपुर के भवानीपुर में 1,264, सितारगंज के उकरौली में 2,032 और काशीपुर के कनकपुर में 1,256 आवासों का निर्माण अंतिम चरण में है।
इसी जिले के मटकोटा व श्यामनगर में 928-928, महुवाखेड़ागंज में 824, मानपुर में 512 और गंगापुर गोसाल में 584 मकान पात्र परिवारों को दिए जाएंगे।
हरिद्वार जिले में कुल 4,528 मकानों का निर्माण चल रहा है। इनमें मंगलौर में 544, झब्बरपुर में 448, अन्नेखी में 1,152, बेल्दी में 1,088, शिकारपुर में 768 और इंद्रलोक योजना के तहत 528 मकान बनाए जा रहे हैं।
अन्य जिलों की बात करें तो नैनीताल के उम्मेदनगर में सभी 528 मकान बनकर तैयार हो चुके हैं। वहीं, देहरादून जिले के धौलास में 240 में से 180 मकानों का निर्माण पूरा कर लिया गया है, जिन्हें जल्द ही लाभार्थियों को सौंप दिया जाएगा।

