Uttarakhand: बाजपुर में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, बिना मान्यता चल रहे 5 मदरसे सील

ख़बर शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड के उधमसिंह नगर जिले के बाजपुर में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 मदरसों को सील कर दिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कड़े निर्देशों के बाद यह कदम उठाया गया। जांच में पाया गया कि ये संस्थान बिना आवश्यक मान्यता और तय शैक्षणिक मानकों की अनदेखी कर चलाए जा रहे थे।

प्रशासनिक टीम ने आज कार्रवाई करते हुए कनोरा स्थित मदरसा गुलशन इस्लाम और चकरपुर स्थित मदरसा जामिया हनकिया रजा उल उलूम पर ताला लगा दिया। इसके अलावा जगन्नाथपुर का मदरसा जामिया फातिमा जेहरा, केलखेड़ा का मदरसा मोईनुल उलूम और गुमसानी रोड स्थित मदरसा हुज्जतुल इस्लाम भी सील कर दिया गया है।

यह भी पढ़ें -  22 करोड़ के गबन मामले में हाईकोर्ट सख्त: पुलिस रिपोर्ट अस्पष्ट घोषित,CBI से सील बंद लिफाफे में मांगी राय

प्रशासन के अनुसार, यह कार्रवाई इन संस्थानों में नियमों के अनुपालन की जांच के बाद की गई है। लंबे समय से इन मदरसों की मान्यता और संचालन व्यवस्था पर सवाल उठ रहे थे। जांच के दौरान कोई भी वैध दस्तावेज और शैक्षणिक मानक पूरे नहीं पाए गए।

यह भी पढ़ें -  नमो क्रिकेट लीग: बल्ला ले मैदान पर उतरे सीएम धामी, युवाओं को दिया 'नशे को ना, खेल को हां' का संदेश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने साफ किया है कि प्रदेश में पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था सरकार की प्राथमिकता है। नियमों और मानकों की अनदेखी कर किसी भी शिक्षण संस्थान को मनमाने ढंग से चलाने की इजाजत नहीं दी जाएगी। सरकार बच्चों को सुरक्षित और व्यवस्थित माहौल देने के लिए प्रतिबद्ध है।

बाजपुर क्षेत्र में इससे पहले भी नियमों के विपरीत चल रहे संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। स्थानीय प्रशासन अब क्षेत्र में चल रहे अन्य शैक्षणिक संस्थानों और मदरसों की स्थिति की भी गहनता से जांच कर रहा है।

यह भी पढ़ें -  मोदी और धामी की नीतियों से उत्तराखंड में बनेगी सरकार की हैट्रिक- बीजेपी का मेगा प्लान

प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि जांच का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। यदि कोई अन्य संस्थान भी बिना मान्यता या नियमों का उल्लंघन करता हुआ पाया जाता है, तो उसके खिलाफ भी तत्काल नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।