उत्तराखंड में  लोअर पीसीएस के 54 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू, जानिए आवेदन की आखिरी तारीख और योग्यता

ख़बर शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड के सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने आधिकारिक विज्ञापन जारी कर ‘उत्तराखंड सम्मिलित राज्य सिविल अधीनस्थ सेवा परीक्षा 2026’ की ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है।

इस भर्ती अभियान के माध्यम से राज्य के विभिन्न विभागों में कुल 54 रिक्त पदों पर योग्य और मेधावी युवाओं का चयन किया जाएगा। आयोग द्वारा जारी अधिसूचना के मुताबिक, इस परीक्षा के जरिए राज्य के प्रशासनिक ढांचे में कई महत्वपूर्ण पदों को भरा जाएगा। विभिन्न विभागों के अंतर्गत पदों का वर्ग-वार वितरण बेहद स्पष्ट है। इस भर्ती में नायब तहसीलदार के 13 पद, आबकारी निरीक्षक के 04 पद और पूर्ति निरीक्षक के 02 पद शामिल हैं।

यह भी पढ़ें -  गृह मंत्री अमित शाह के दौरे पर हरीश रावत ने कसा तंज, कहा- 'जनता के लिए नहीं, बीजेपी के लिए दौरा'

इसके अलावा, विपणन निरीक्षक के सबसे अधिक 20 पदों पर चयन होगा। साथ ही, श्रम प्रवर्तन अधिकारी के 05 पद, कर अधिकारी के 05 पद, ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक का 01 और गन्ना विकास निरीक्षक के 04 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।अभ्यर्थियों की सुविधा और पारदर्शिता के लिए आयोग ने श्रेणीवार आवेदन शुल्क निर्धारित किया है। अनारक्षित, ईडब्ल्यूएस और ओबीसी वर्ग के उम्मीदवारों को 166.36 रुपये शुल्क देना होगा।

वहीं, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और दिव्यांग श्रेणी के आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क घटाकर 76.36 रुपये तय किया गया है। आवेदन प्रक्रिया आधिकारिक पोर्टल पर लाइव हो चुकी है। महत्वपूर्ण तिथियों की बात करें तो, ऑनलाइन आवेदन विंडो 06 नवंबर से खुल चुकी है। अभ्यर्थी 26 नवंबर तक अपने फॉर्म सफलतापूर्वक ऑनलाइन जमा कर सकते हैं।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड सचिवालय के नए 5 मंजिला भवन का निर्माण तेजी से जारी, मार्च 2027 तक होगा तैयार; सचिवालय संघ ने जताया CM धामी का आभार

यदि आवेदन भरते समय किसी प्रकार की त्रुटि हो जाती है, तो आयोग ने करेक्शन विंडो का प्रावधान भी रखा है। उम्मीदवार 03 दिसंबर से 12 दिसंबर के बीच अपने आवेदन पत्र में जरूरी संशोधन कर सकेंगे। चयन प्रक्रिया का पहला चरण प्रारंभिक परीक्षा से शुरू होगा, जिसका आयोजन राज्य के 19 प्रमुख शहरों में किया जाएगा। इनमें अल्मोड़ा, रानीखेत, बागेश्वर, चंपावत और हल्द्वानी शामिल हैं।

इसके अतिरिक्त पिथौरागढ़, रुद्रपुर, खटीमा, देहरादून, ऋषिकेश, हरिद्वार, रुड़की, टिहरी, उत्तरकाशी, चमोली, पौड़ी, श्रीनगर, कोटद्वार और रुद्रप्रयाग में भी परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। प्रारंभिक परीक्षा कुल 150 अंकों की होगी, जिसमें वस्तुनिष्ठ प्रकार के 150 सवाल पूछे जाएंगे। इस पेपर को हल करने के लिए अभ्यर्थियों को कुल दो घंटे का समय मिलेगा।

यह भी पढ़ें -  देहरादून: अमित शाह के दौरे के बीच सियासी बवाल, अज्ञात ने स्वागत पोस्टर पर लिखा 'तड़ीपार', CCTV खंगालने में जुटी पुलिस

प्रारंभिक परीक्षा पास करने वाले उम्मीदवारों को मुख्य परीक्षा में बैठने का मौका मिलेगा। मुख्य परीक्षा कुल 600 अंकों की होगी जिसमें चार विस्तृत प्रश्नपत्र शामिल हैं। मुख्य परीक्षा के पैटर्न में पहला पेपर 100 अंकों का भाषा-सामान्य हिंदी और दूसरा पेपर 100 अंकों के निबंध का होगा। इसके बाद सामान्य अध्ययन-प्रथम और द्वितीय के 200-200 अंकों के पेपर होंगे। लिखित चरणों के पूरा होने के बाद अंतिम चरण में 75 अंकों का इंटरव्यू लिया जाएगा। इन सभी चरणों के अंकों को मिलाकर ही फाइनल मेरिट लिस्ट तैयार की जाएगी।