उत्तराखंड सचिवालय के नए 5 मंजिला भवन का निर्माण तेजी से जारी, मार्च 2027 तक होगा तैयार; सचिवालय संघ ने जताया CM धामी का आभार

ख़बर शेयर करें

देहरादून। राजधानी देहरादून स्थित सचिवालय परिसर में अधिकारियों और कर्मचारियों के बैठने की समस्या को दूर करने के लिए बन रहे नए 5 मंजिला भवन का निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। सचिवालय संघ ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विजन और इस महत्वाकांक्षी परियोजना को लेकर खुशी जाहिर करते हुए उनका आभार व्यक्त किया है, जो मार्च 2027 तक बनकर पूरी तरह तैयार हो जाएगा।

इस नए भवन के निर्माण से सचिवालय में कार्यालय कक्षों और पार्किंग की व्यवस्था को बेहतर बनाने में बड़ी मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री की दूरदर्शी सोच के तहत मार्च 2027 तक इस भवन को तैयार कर संबंधित विभाग को हस्तांतरित करने का लक्ष्य तय किया गया है, जिससे कार्मिकों को कार्य करने में आसानी होगी।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड GST संग्रह में देश में 5वें नंबर पर: अक्टूबर में ₹1007 करोड़ का रिकॉर्ड राजस्व, 15% की बढ़ोतरी

सचिवालय परिसर में अधिक से अधिक अनुभागों को एक ही छत के नीचे व्यवस्थित करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्माण कार्य की इस तेज गति और गुणवत्ता को लेकर सचिवालय संघ ने राज्य सरकार, मुख्य सचिव और राज्य संपत्ति विभाग के अधिकारियों के प्रति अपना विशेष धन्यवाद ज्ञापित किया है।

यह भी पढ़ें -  हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत के बड़े भाई का निधन, आवास पर श्रद्धांजलि देने पहुंचे CM धामी समेत कई दिग्गज

राज्य संपत्ति विभाग के सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार और राज्य संपत्ति अधिकारी सुरेंद्र सिंह रावत की लगातार मॉनिटरिंग और देखरेख के कारण इस परियोजना को समय पर गति मिल रही है। सचिवालय संघ का कहना है कि अधिकारियों की इस सक्रियता और निरंतर अनुश्रवण से कर्मचारियों के बैठने की पुरानी समस्या का समाधान निकट भविष्य में पूरी तरह हो जाएगा।

सचिवालय संघ के अध्यक्ष ने कहा कि राज्य संपत्ति विभाग पूरी सकारात्मकता के साथ कार्मिक हित और बेहतर निर्माण गुणवत्ता को ध्यान में रखकर कार्य कर रहा है। यह नया 5 मंजिला भवन सचिवालय के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए एक अनूठी सौगात की तरह है, जिससे कर्मचारियों में एक नई ऊर्जा का संचार हुआ है।

यह भी पढ़ें -  बच्चों से मुखातिब हुए ‘अंकल धामी': सीएम धामी ने 'दिल की बात, अंकल धामी के साथ' कार्यक्रम के जरिए 8 लाख छात्रों से किया संवाद

सचिवालय संघ ने यह भी रेखांकित किया कि सचिव, राज्य संपत्ति विभाग ने संघ के लगातार अनुरोधों पर व्यक्तिगत रुचि ली है। उन्होंने समय-समय पर निर्माण स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की है, जिसके लिए पूरा सचिवालय संघ उनका कृतज्ञ है और उनके सहयोगात्मक रवैया की सराहना करता है।