हरिद्वार। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और हरिद्वार से भारतीय जनता पार्टी के सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत के बड़े भाई बृजमोहन सिंह रावत का निधन हो गया है। इस दुखद खबर के बाद से ही उनके परिवार में शोक की लहर व्याप्त है। गुरुवार को देहरादून स्थित उनके आवास पर विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोग श्रद्धांजलि देने पहुंचे।
घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी देहरादून की डिफेंस कॉलोनी स्थित सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत के आवास पर पहुंचे। सीएम धामी ने स्वर्गीय बृजमोहन सिंह रावत के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की।
श्रद्धांजलि सभा में दलगत राजनीति से ऊपर उठकर कई दिग्गज नेता एक साथ नजर आए। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत भी त्रिवेंद्र सिंह रावत के घर पहुंचे। उन्होंने दिवंगत बृजमोहन सिंह रावत के अंतिम दर्शन किए और परिवार को इस कठिन समय में ढांढस बंधाया।
बृजमोहन सिंह रावत के देहांत की खबर मिलते ही डिफेंस कॉलोनी स्थित आवास पर समर्थकों और स्थानीय निवासियों का तांता लग गया। शासन, प्रशासन, बीजेपी और कांग्रेस सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने मौके पर पहुंचकर पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित की।
हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत के बड़े भाई के निधन पर पूरे प्रदेश में शोक का माहौल है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पूर्व सीएम हरीश रावत समेत तमाम नेताओं ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को यह असीम दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।

