देहरादून। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आगामी 6 नवंबर को प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे को लेकर राजधानी देहरादून में प्रशासनिक और राजनीतिक हलचल काफी तेज हो गई है। गृह मंत्री के आगमन को देखते हुए राज्य का शासन और जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। 6 नवंबर को अमित शाह का पहला बड़ा कार्यक्रम देहरादून के ऐतिहासिक परेड ग्राउंड में आयोजित होगा, जहां भारतीय जनता पार्टी द्वारा एक विशाल जनसभा का आयोजन किया जा रहा है।
परेड ग्राउंड में जनसभा को संबोधित करने के बाद गृह मंत्री अमित शाह का काफिला सीधे देहरादून पुलिस लाइन पहुंचेगा। यहां आयोजित एक भव्य एवं गरिमापूर्ण राज्यस्तरीय समारोह में अमित शाह उत्तराखंड पुलिस को ‘राष्ट्रपति पुलिस कलर’ प्रदान करेंगे। यह राज्य पुलिस बल के इतिहास में दर्ज होने वाली एक बड़ी और ऐतिहासिक उपलब्धि मानी जा रही है।
वीआईपी दौरे की तैयारियों की समीक्षा करने और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को परखने के लिए मुख्य सचिव आनंद वर्धन ने अधिकारियों के दल के साथ परेड ग्राउंड और पुलिस लाइन का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, मसूरी एसडीएम, गढ़वाल मंडल के अपर आयुक्त के.के. मिश्रा और मुख्यमंत्री के अपर सचिव बंशीधर तिवारी सहित कई आला अधिकारी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव आनंद वर्धन ने सख्त लहजे में अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयोजन से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं आगामी दो दिनों के भीतर हर हाल में पूरी कर ली जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था, वीआईपी प्रोटोकॉल और लॉजिस्टिक मैनेजमेंट में किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कार्यक्रम के दिन आम जनता को परेशानी न हो, इसके लिए मुख्य सचिव ने पुलिस और यातायात विभाग को कड़े दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने सुरक्षा चक्र मजबूत करने के साथ-साथ शहर में ट्रैफिक डायवर्जन, सुगम आवाजाही और पर्याप्त पार्किंग स्थलों का चयन करने को कहा है। इसके साथ ही जनसभा स्थल परेड ग्राउंड में पेयजल, बैठने की व्यवस्था और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं को दुरुस्त रखने पर विशेष बल दिया गया है।

