देहरादून में अवैध शराब के खिलाफ दुकान और घरों में आबकारी की ताबड़तोड़ छापेमारी: 4 गिरफ्तार, भारी मात्रा में अंग्रेजी-देशी शराब बरामद

ख़बर शेयर करें

देहरादून। आबकारी विभाग देहरादून की जनपदीय प्रवर्तन टीम ने 3 और 4 नवंबर 2026 को जिले के विभिन्न इलाकों में अवैध शराब की रोकथाम के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी अभियान चलाया। सहायक आबकारी आयुक्त प्रेरणा बिष्ट और आबकारी निरीक्षक जयवीर सिंह के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में अवैध देसी और अंग्रेजी शराब बरामद की गई है।

अभियान के पहले दिन 3 नवंबर को आबकारी टीम ने थाना पटेल नगर क्षेत्र के अंतर्गत कृष्णा देवी (पत्नी प्रवीण कुमार) की दुकान पर दबिश दी। दुकान की तलाशी लेने पर 45 पाउच माल्टा देसी शराब और 48 क्वार्टर इंपीरियल ब्लू व्हिस्की बरामद हुई, जिसके बाद महिला आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड: 'पति-पत्नी और वो' के विवाद में घिरे पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत, पत्नी दीप्ति रावत ने वीडियो जारी कर उठाए सवाल

कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए टीम ने पटेल नगर के ग्राम भरूवाला टर्नर रोड में गौरव कुमार (पुत्र अनिल कुमार) के घर पर छापा मारा। यहां से अभियुक्त के कब्जे से 48 क्वार्टर इंपीरियल ब्लू व्हिस्की और 45 पाउच माल्टा देसी शराब जब्त की गई।

इसी क्रम में नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र के रिस्पना पुल आराघर निवासी राजेंद्र कुमार (पुत्र चंद्रिका राम) के घर दबिश देकर 55 पाउच माल्टा देसी शराब बरामद की गई। आबकारी टीम ने तीनों मामलों में गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा पंजीकृत किया है।

यह भी पढ़ें -  कैबिनेट मंत्री रेखा रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू पर कसा शिकंजा, SIT को मिले अहम सबूत

वहीं, दूसरे दिन 4 नवंबर 2026 को सुबह करीब 10:04 बजे मुखबिर की सटीक सूचना पर आबकारी टीम ने थाना राजपुर क्षेत्र स्थित काठ बांग्ला पुल के पास घेराबंदी की। इस दौरान एक संदिग्ध सफेद हीरो मास्ट्रो स्कूटी (UP 12 AU 1417) को रोककर जांच की गई।

स्कूटी के पायदान पर रखे बैग की तलाशी लेने पर उसमें से 12 बोतल और 24 हाफ रॉयल स्टैग अंग्रेजी शराब बरामद हुई। आबकारी पुलिस ने मौके से आरोपी हुकम सिंह (निवासी होरी किरसाली नेचर एन्क्लेव, राजपुर) को गिरफ्तार कर स्कूटी जब्त कर ली।

यह भी पढ़ें -  अमित शाह के उत्तराखंड दौरे से पहले देहरादून में अलर्ट: 6 नवंबर को परेड ग्राउंड में रैली, तैयारियां तेज

आरोपी हुकम सिंह के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60/72 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। लगातार दो दिनों तक चली इस बड़ी कार्रवाई से देहरादून में अवैध शराब के कारोबार में लिप्त तस्करों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।