उत्तराखंड को ₹22.15 करोड़ की सौगात: CM धामी ने 26 विकास परियोजनाओं को दी मंजूरी

ख़बर शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड में जनसुविधाओं और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने राज्य के विभिन्न जनपदों में 26 विकास एवं निर्माण कार्यों के लिए 22 करोड़ 15 लाख 32 हजार रुपये की वित्तीय और प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी है। इन स्वीकृतियों के जरिए सड़क निर्माण, पेयजल, सुरक्षात्मक कार्य, स्ट्रीट लाइट और धार्मिक मेला स्थलों के सौंदर्यीकरण का काम पूरा किया जाएगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश के सभी क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सड़क, पेयजल और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर मजबूत किया जा रहा है, ताकि विकास योजनाओं का सीधा लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड: जनगणना 2027 के शेड्यूल में नहीं होगा कोई बदलाव, 1 दिसंबर 2026 से शुरू होगा मुख्य चरण

राजधानी देहरादून के मसूरी विधानसभा क्षेत्र को बुनियादी ढांचे के विस्तार के लिए 8.96 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है। इसके तहत आर्केडिया के मिट्टी बेहड़ी में सड़क व नाली निर्माण हेतु 89.44 लाख और कैनाल रोड जाखन नगर (वार्ड 7) के लिए 82.29 लाख रुपये मंजूर हुए हैं। वहीं मालसी, गढ़ी कैंट, टपकेश्वर, दून विहार, डोभालवाला, घोरणखास, किशननगर और विजय कॉलोनी जैसे वार्डों में आंतरिक सड़कों व नालियों के निर्माण के लिए अलग-अलग बजट मंजूर किया गया है।

सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में विकास कार्यों को गति देते हुए 4 प्रमुख परियोजनाओं के लिए 3.44 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसमें लीमा टोड़ा में सीसी मार्ग निर्माण (86.45 लाख), धारचूला के नीलिंग मेला स्थल निर्माण (79.49 लाख), विण के उपरतोला में आंतरिक मार्ग (84.94 लाख) और खोलीमाली कन्यूरी में सुरक्षात्मक व खड़ंजा कार्य (93.64 लाख) शामिल हैं।

यह भी पढ़ें -  खटीमा पहुंचे CM धामी: ₹14.97 करोड़ की सड़क का भूमि पूजन, बोले- खटीमा से मेरा रिश्ता मां-बेटे जैसा

अल्मोड़ा और चम्पावत जिलों में भी जनसुविधाओं और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने पर ध्यान दिया गया है। अल्मोड़ा के ताकुला मंडल में सुअर रोधक तारबाड़ के लिए 45.63 लाख तथा सिद्धेश्वर मंदिर उद्यान के सौंदर्यीकरण के लिए 97.08 लाख मंजूर हुए हैं। चम्पावत के मटेला में भीलेश्वर मंदिर (25 लाख), खटोली मेला स्थल (50 लाख), बुगारख्ला (25 लाख) और लोहाघाट के दुधाधारी भगवती मेला स्थल के सौंदर्यीकरण हेतु 97.10 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है।

यह भी पढ़ें -  नशे के काले कारोबार का ‘शाहरुख कनेक्शन’! मामले की हुई जांच तो नेताओं के घर तक भी पहुंचेगी आँच…..

पौड़ी गढ़वाल के कोटद्वार में प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए स्ट्रीट लाइट, पोल स्थापना व लाइन निर्माण हेतु 344.04 लाख रुपये आबंटित किए गए हैं। इसके अलावा टिहरी गढ़वाल के देवप्रयाग स्थित चौकी महादेव शिवालय के सौंदर्यीकरण के लिए 67.87 लाख रुपये की मंजूरी दी गई है।

पेयजल संकट को दूर करने के लिए हरिद्वार जनपद के झबरेड़ा और लक्सर विधानसभा क्षेत्रों में विशेष पहल की गई है। झबरेड़ा के ग्रामीण इलाकों में 50 नए हैंडपंप लगाने के लिए 99.44 लाख रुपये तथा लक्सर क्षेत्र के गांवों में 50 हैंडपंपों की स्थापना हेतु 123.46 लाख रुपये की राशि को स्वीकृति दी गई है।