खटीमा पहुंचे CM धामी: ₹14.97 करोड़ की सड़क का भूमि पूजन, बोले- खटीमा से मेरा रिश्ता मां-बेटे जैसा

ख़बर शेयर करें

खटीमा। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज मंगलवार को अपने गृह क्षेत्र खटीमा में एक बड़े विकास कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने खटीमा चौक से थारू विकास भवन तक ₹14.97 करोड़ की लागत से बनने वाले मोटर मार्ग के चौड़ीकरण कार्य का औपचारिक भूमि पूजन किया। इस महत्वपूर्ण सड़क परियोजना के पूरा होने से स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और आसपास के ग्रामीण इलाकों से आने-जाने वाले हजारों लोगों को जाम की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी।

भूमि पूजन के बाद आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने खटीमा की जनता के प्रति अपना गहरा आभार जताया। उन्होंने कहा कि खटीमा की देवतुल्य जनता से उनका संबंध केवल एक विधायक या मुख्यमंत्री का नहीं है, बल्कि यह मां और बेटे के अटूट और पवित्र रिश्ते जैसा है। यहां के लोगों का अपार स्नेह ही उन्हें दिन-रात प्रदेश की सेवा करने की निरंतर ऊर्जा देता है।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड में बाल विवाह पर कसेगा शिकंजा: 8 संवेदनशील जिलों में चलेगा विशेष अभियान

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खटीमा के चहुंमुखी विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। क्षेत्र में सड़क नेटवर्क, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं और परिवहन जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए कई योजनाएं जमीन पर उतारी जा रही हैं। शिक्षा के क्षेत्र में राजकीय महाविद्यालय के नए भवन निर्माण के साथ-साथ आईटीआई और बालिका विद्यालयों का आधुनिकीकरण किया गया है।

क्षेत्रीय विकास का ब्योरा देते हुए उन्होंने बताया कि सड़कों के चौड़ीकरण, नए पुलों के निर्माण और आधुनिक बस अड्डे से आम जनता का सफर सुगम हुआ है। इसके साथ ही, किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हुए स्थानीय चीनी मिल के सुचारू संचालन, गन्ने की समय पर पेराई और बकाया भुगतान को पूरी पारदर्शिता के साथ सुनिश्चित किया जा रहा है, जिससे अन्नदाताओं को आर्थिक मजबूती मिल रही है।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड के हर परिवार की बनेगी यूनिक आईडी! CM धामी ने लॉन्च किया देवभूमि परिवार पोर्टल और 'विजन-2047'

शहरी विकास और पर्यटन पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि खटीमा में जल निकासी की समस्या को दूर करने के लिए बड़े पैमाने पर ड्रेनेज का काम हो रहा है। इसके अलावा ऑक्सीजन पार्क, क्रोकोडाइल पार्क और प्रमुख धार्मिक स्थलों के सौंदर्यकरण से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को भी तेजी से बढ़ावा मिल रहा है, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर बन रहे हैं।

यह भी पढ़ें -  दीप्ति रावत प्रकरण पर बोलीं सोनिया आनंद: विफलताएं छिपाने के लिए बीजेपी कर रही डायवर्जन की राजनीति

कार्यक्रम में पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री ने खटीमा चौराहे से लेकर मुख्य मंच तक पैदल यात्रा की। इस दौरान रास्ते में जगह-जगह मौजूद व्यापारियों, युवाओं और स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर और फूल-मालाएं पहनाकर उनका जोरदार स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने भी हाथ जोड़कर सभी का अभिवादन स्वीकार किया और जनता के इस आत्मीय प्यार के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।

इस भव्य विकास कार्यक्रम के दौरान कई प्रमुख जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। मंच पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, दायित्वधारी मोहिनी पोखरिया, संतोष गौरव, गंभीर सिंह धामी, किशन सिंह, रणजीत सिंह नामधारी, भाजपा नेता सतीश भट्ट, रामू भारती और अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय सहित क्षेत्र के तमाम गणमान्य लोग उपस्थित रहे।