देहरादून। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश का सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार ‘उत्तराखंड गौरव सम्मान-2026’ दिए जाने का ऐलान किया गया है। इस वर्ष विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 15 प्रमुख हस्तियों को इस सम्मान के लिए चुना गया है।यह पुरस्कार वितरण समारोह राजधानी देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य राज्य स्तरीय कार्यक्रम में होगा। जहां सभी चयनित विभूतियों को आधिकारिक रूप से सम्मानित किया जाएगा।
राजनीतिक और शासकीय क्षेत्र में अभूतपूर्व योगदान के लिए प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मेजर जनरल भुवन चन्द्र खण्डूड़ी को मरणोपरांत इस पुरस्कार के लिए चुना गया है। चिकित्सा के क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए डॉक्टर जीवन सिंह तितियाल और उद्यमिता के क्षेत्र में श्री मनमोहन भारद्वाज को सम्मानित किया जाएगा।
फिल्म जगत से प्रसिद्ध अभिनेत्री श्रीमती हिमानी शिवपुरी को कला में योगदान के लिए यह सम्मान मिलेगा। वहीं, लोक संगीत और संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए जागर गायिका हेमा नेगी करासी और लोक गायिका रेशमा शाह का नाम भी इस सूची में शामिल है। शिक्षा एवं पत्रकारिता के क्षेत्र से डॉक्टर गिरीश रंजन तिवारी को चुना गया है। सामाजिक क्षेत्र में बेहतर कार्य करने के लिए अनीता थपलियाल शर्मा और कश्मीर सिंह को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा, पर्यावरण संरक्षण के लिए पर्यावरणविद सुरेश भाई को इस गौरव सम्मान से नवाजा जाएगा।
खेल की दुनिया में राज्य का नाम रोशन करने वाले 5 खिलाड़ियों को भी इस सूची में जगह मिली है। इनमें क्रिकेटर एकता बिष्ट, हॉकी खिलाड़ी वंदना कटारिया, एथलीट अंकिता ध्यानी, बॉक्सर निकिता चंद और कपिल पोखरिया शामिल हैं। दून परेड ग्राउंड में होने वाले इस राज्य स्तरीय समारोह में इन सभी 15 महानुभावों को उनकी सेवाओं के लिए सम्मानित किया जाएगा।

