देहरादून। देहरादून के ऐतिहासिक परेड ग्राउंड में आयोजित भव्य राज्योत्सव समारोह के दौरान उत्तराखंड की दो महान सांस्कृतिक विभूतियों को सम्मानित किया गया। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रसिद्ध लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी और लोकप्रिय अभिनेता हेमंत पांडेय को लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार से नवाजा। इस प्रतिष्ठित सम्मान से प्रदेश के कला, संगीत और फिल्म जगत में हर्ष का माहौल है।
उत्तराखंड फिल्म नीति-2024 के अंतर्गत वर्ष 2024 और 2025 के लिए चयनित इन दोनों दिग्गजों को यह पुरस्कार कला क्षेत्र में उनके अद्वितीय व दीर्घकालिक योगदान के लिए दिया गया है। समारोह के दौरान दोनों कलाकारों को ₹2-₹2 लाख की नकद पुरस्कार राशि और प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
वर्ष 2024 के लिए यह लाइफ टाइम अचीवमेंट सम्मान प्रसिद्ध लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी को प्रदान किया गया। नेगी जी ने दशकों से अपनी सुरीली आवाज और गीतों के जरिए उत्तराखंड की लोक संस्कृति, परंपराओं, सामाजिक सरोकारों और पहाड़ की जनभावनाओं को सजीव किया है, जिससे प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान वैश्विक स्तर पर मजबूत हुई है।
वहीं, वर्ष 2025 के लिए यह प्रतिष्ठित पुरस्कार सुप्रसिद्ध अभिनेता हेमंत पांडेय को दिया गया। हेमंत पांडेय ने अपने शानदार और सहज अभिनय के दम पर भारतीय फिल्म और टेलीविज़न जगत में एक विशिष्ट पहचान बनाई है तथा राष्ट्रीय फलक पर उत्तराखंड का मान बढ़ाया है।
राज्य सरकार द्वारा उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, क्षेत्रीय सिनेमा और कला को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से इन फिल्म पुरस्कारों की शुरुआत की गई है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य उन प्रतिभाओं को सम्मानित करना है जिन्होंने अपनी कला साधना से प्रदेश का नाम रोशन किया है और नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा बने हैं।

