हरिद्वार जेल से रिहा होते ही मुख्य द्वार पर मुस्तैद देहरादून पुलिस ने लिया हिरासत में, SOG दफ्तर में पूछताछ

ख़बर शेयर करें

हरिद्वार। हरिद्वार जेल से जमानत मिलने के बाद रिहा हुई उर्मिला सनावर की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। शुक्रवार को जैसे ही वह जेल के मुख्य द्वार से बाहर आईं, पहले से मुस्तैद देहरादून पुलिस की टीम ने उन्हें तुरंत अपनी हिरासत में ले लिया। पुलिस उन्हें लेकर सीधे हरिद्वार स्थित स्पेशल ऑपरेशन कार्यालय पहुंची है, जहां उनसे गहन पूछताछ की जा रही है।

इस पूरे घटनाक्रम की शुरुआत हरिद्वार कोर्ट से हुई, जहां उर्मिला के खिलाफ दर्ज दोनों मुकदमों में जमानत मंजूर हो गई थी। गुरुवार को अदालत में जरूरी जमानती पेश किए जाने के बाद, शुक्रवार सुबह उनकी रिहाई का परवाना हरिद्वार जेल पहुंचा। कागजी कार्रवाई पूरी होने के बाद जेल प्रशासन ने उन्हें रिहा कर दिया, लेकिन जेल गेट पर देहरादून पुलिस उनका इंतजार कर रही थी।

यह भी पढ़ें -  देहरादून: अमित शाह के दौरे के बीच सियासी बवाल, अज्ञात ने स्वागत पोस्टर पर लिखा 'तड़ीपार', CCTV खंगालने में जुटी पुलिस

सूत्रों के मुताबिक, देहरादून में दर्ज मामलों के सिलसिले में पुलिस को उनकी तलाश थी। जेल से निकलते ही पुलिस ने बिना वक्त गंवाए उन्हें अपनी कस्टडी में ले लिया और एसओजी दफ्तर ले जाकर पूछताछ शुरू कर दी। इस अचानक हुई कार्रवाई से जेल परिसर के बाहर हलचल तेज हो गई है।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड: सार्वजनिक उपक्रमों और निगम कर्मचारियों मिलेगा तदर्थ बोनस, आदेश जारी

एसओजी कार्यालय के बाहर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और मीडिया की भी पैनी नजर बनी हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उर्मिला सनावर को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर देहरादून लाया जा सकता है, जहां उन्हें संबंधित अदालत के समक्ष पेश किया जाएगा।

यह भी पढ़ें -  हरिद्वार कुम्भ 2027 की तैयारियाँ तेज: CM धामी ने मेला और भूपतवाला अस्पताल के लिए रवाना किए आधुनिक स्वास्थ्य उपकरण

उत्तराखंड के इस हाई-प्रोफाइल मामले में लगातार नए मोड़ आ रहे हैं। हरिद्वार में कानूनी राहत मिलने के बावजूद देहरादून पुलिस की इस सख्त कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि उर्मिला की कानूनी मुश्किलें अभी लंबी चलने वाली हैं। पुलिस की इस पूछताछ के बाद मामले में और भी बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।