उत्तराखंड में भारी बारिश का रेड अलर्ट: CM धामी का अधिकारियों को 24 घंटे सतर्क रहने के दिए निर्देश

ख़बर शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम विभाग द्वारा अगले दो दिनों के लिए भारी से अत्यधिक भारी बारिश की गंभीर चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के इस रेड अलर्ट को देखते हुए राज्य सरकार पूरी तरह एक्शन मोड में आ गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन से बात कर सभी 13 जिलों के प्रशासनिक अधिकारियों और राहत टीमों को 24 घंटे सतर्क रहने के सख्त निर्देश दिए हैं।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड में बिजली का बड़ा संकट: UPCL ने केंद्र से मांगी 1425 MW अतिरिक्त बिजली

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि रेड और ऑरेंज अलर्ट वाले जनपदों में संवेदनशील इलाकों पर पैनी नजर रखी जाए। किसी भी संभावित भूस्खलन या जलभराव की स्थिति में राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू करने की तैयारी रखी गई है। वहीं आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक ने भी हालात का जायजा लेते हुए अधिकारियों को अलर्ट रहने को कहा है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 26 सितंबर को बागेश्वर, पिथौरागढ़, चंपावत, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर में अत्यधिक भारी बारिश का रेड अलर्ट, देहरादून, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, चमोली व अल्मोड़ा में ऑरेंज अलर्ट तथा हरिद्वार, उत्तरकाशी व टिहरी गढ़वाल में येलो अलर्ट जारी किया गया है; वहीं 27 सितंबर को देहरादून, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल और हरिद्वार में मूसलाधार बारिश का रेड अलर्ट, उत्तरकाशी, चमोली, नैनीताल व रुद्रप्रयाग में ऑरेंज अलर्ट तथा बागेश्वर, अल्मोड़ा, चंपावत, ऊधमसिंह नगर व पिथौरागढ़ जिलों में येलो अलर्ट रहेगा।

यह भी पढ़ें -  देहरादून में सड़कों पर उतरी कांग्रेस: मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने पर की मांग पर अड़े कांग्रेसी नेता

मुख्यमंत्री के निर्देश पर आपदा प्रबंधन सचिव ने सभी जिलाधिकारियों के साथ बैठक कर संवेदनशील पहाड़ी रास्तों पर जेसीबी और आवश्यक मशीनरी की तैनाती के आदेश दिए हैं, ताकि लैंडस्लाइड होने पर बंद सड़कों को तुरंत खोला जा सके। आपातकालीन स्थिति में त्वरित सहायता के लिए नागरिक 24×7 उपलब्ध हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं, जिनमें राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र का टोल फ्री नंबर 1070, जिला आपातकालीन संचालन केंद्र का नंबर 1077 तथा पुलिस एवं आपातकालीन सेवा का नंबर 112 शामिल है।