देहरादून। उत्तराखंड और हरियाणा अब सहकारिता एवं बैंकिंग क्षेत्र को मजबूत करने के लिए मिलकर काम करेंगे। चंडीगढ़ स्थित हरियाणा स्टेट को-ऑपरेटिव एपेक्स बैंक मुख्यालय के दौरे पर पहुंचे उत्तराखंड के सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत की मौजूदगी में दोनों राज्यों ने एक-दूसरे के बेहतरीन मॉडलों और नवाचारों को साझा करने पर सहमति जताई है।
दौरे के दौरान डॉ. धन सिंह रावत ने बैंक की डिजिटल सेवाओं और पारदर्शी बैंकिंग प्रणाली का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि हरियाणा ने सहकारिता बैंकिंग में शानदार काम किया है। यहां का पारदर्शी ढांचा और नए प्रयोग अन्य राज्यों के लिए अनुकरणीय हैं, जिससे सहकारिता आंदोलन को नई मजबूती मिलेगी।
बैठक में उत्तराखंड की फ्लैगशिप ‘दीनदयाल उपाध्याय अल्पकालीन एवं मध्यकालीन ऋण वितरण योजना’ का मॉडल भी रखा गया। मंत्री ने बताया कि इस योजना के जरिए उत्तराखंड के किसानों को ब्याज मुक्त लोन दिया जा रहा है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सीधी मजबूती मिली है।
हरियाणा स्टेट को-ऑपरेटिव बैंक के अध्यक्ष भारत भूषण जुयाल ने कहा कि दोनों राज्यों के बीच अनुभवों का आदान-प्रदान बैंकिंग नेटवर्क को और बेहतर बनाएगा। इससे किसानों, महिलाओं और युवाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए नई योजनाएं लागू करने में मदद मिलेगी।
इस उच्चस्तरीय बैठक में हरियाणा एपेक्स बैंक के प्रबंध निदेशक डॉ. प्रफुल्ल रंजन, महाप्रबंधक उर्वशी गुप्ता, उप महाप्रबंधक सुधा शर्मा और प्रबंधक जसपाल पंवार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

