देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शिक्षा और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री ने राजकीय एवं अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में कक्षा 09 से 12 तक के सामान्य, पिछड़े वर्ग, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें देने के लिए 52.21 करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी दी है। इसके साथ ही, प्रारंभिक शिक्षा विभाग के तहत वर्तमान वित्तीय वर्ष में शिक्षण सामग्री और मुफ्त किताबें उपलब्ध कराने के लिए 72 करोड़ रुपये की अतिरिक्त धनराशि स्वीकृत की गई है।
शिक्षा के साथ-साथ क्षेत्रीय विकास को गति देते हुए मुख्यमंत्री ने कई अन्य निर्माण कार्यों के लिए भी वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। पिथौरागढ़ जिले के डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कनालीछीना ब्लॉक की ग्राम पंचायत भौतड़ी में आंतरिक सीसी मार्ग के निर्माण के लिए 80 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिसमें से पहली किस्त के रूप में 48 लाख रुपये जारी कर दिए गए हैं।
इसी क्रम में, ऊधमसिंह नगर जिले के गदरपुर विधानसभा क्षेत्र के तहत दिनेशपुर नगर पंचायत में नाली समेत 5 किलोमीटर लंबे टाइल्स मार्ग के निर्माण हेतु 4.15 करोड़ रुपये की भारी-भरकम धनराशि का अनुमोदन किया गया है। इन सड़कों के बनने से स्थानीय ग्रामीणों और शहरी नागरिकों को आवाजाही में बहुत सहूलियत मिलेगी।
युवाओं और खेलकूद को बढ़ावा देने के लिए भी सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री ने हल्द्वानी के गौलापार स्थित इंदिरा गांधी इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में ‘इंटीग्रेटेड स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट’ के तहत चल रहे कार्यों के लिए चालू वित्तीय वर्ष में 9.35 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है। इस प्रोजेक्ट के सुचारू संचालन के लिए प्रथम किस्त के रूप में 1 करोड़ रुपये की राशि तुरंत जारी करने का अनुमोदन भी प्रदान कर दिया गया है।

