उत्तरकाशी: CM धामी ने पुरोला के बर्नीगाड़ में 217 करोड़ की 38 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास

ख़बर शेयर करें

उत्तरकाशी। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज उत्तरकाशी के पुरोला विधानसभा क्षेत्र स्थित राजकीय इंटर कॉलेज बर्नीगाड़ में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत आयोजित ‘सेवा सेतु अभियान’ के भव्य जनसेवा शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस महत्वपूर्ण दौरे के दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात देते हुए लगभग 217 करोड़ रुपये की लागत के कुल 38 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इन विकास परियोजनाओं में 30 कार्यों का शिलान्यास और 8 पूर्ण हो चुकी योजनाओं का लोकार्पण शामिल है, जिससे स्थानीय जनता में भारी उत्साह देखने को मिला।

जनसेवा शिविर को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के छात्र-छात्राओं और युवाओं के लंबे समय से प्रतीक्षित राजकीय महाविद्यालय बर्नीगाड़ का औपचारिक शुभारंभ किया। इसके साथ ही उन्होंने बर्नीगाड़ कॉलेज के स्थायी भवन व परिसर का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने, राजा रघुनाथ देवडोकरी में मिनी स्टेडियम बनाने और बर्नीगाड़ थाला चौक से जीआईसी बर्नीगाड़ तक मोटर मार्ग निर्माण की बड़ी घोषणा की। इसके अलावा उन्होंने बड़कोट और चिन्यालीसौड़ महाविद्यालयों को उच्चीकृत करने तथा डाडा गांव छानी से टटाऊ तक पुल व सड़क निर्माण कार्य को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड विधानसभा सत्र: गैरसैंण में 27-28 अक्टूबर को होगा संग्राम, विधायकों ने दागे 426 सवाल

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए विकासात्मक स्टॉलों का निरीक्षण किया और पात्र लाभार्थियों को चेक व उपकरण वितरित किए। अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति का फीडबैक लेते हुए उन्होंने कहा कि एक मुख्यमंत्री के रूप में पहली बार बर्नीगाड़ पहुंचकर उन्हें अपार प्रसन्नता हुई है और उन्होंने क्षेत्रवासियों के स्नेह के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका वास्तविक लाभ समाज के अंतिम छोर तक पहुंचाना है, और ‘सेवा सेतु अभियान’ इसी संकल्प को पूरा करने का माध्यम है।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड में मंडराया गहरा बिजली संकट, 12 दिनों में 34 प्रतिशत घटा जलविद्युत उत्पादन

सरकार की अन्य प्राथमिकताओं और उपलब्धियों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन का तेजी से विकास हो रहा है। महिला सशक्तिकरण की दिशा में राज्य में 3 लाख 10 हजार से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं, जबकि महालक्ष्मी योजना और सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण जैसी पहलों से मातृशक्ति मजबूत हो रही है।

यह भी पढ़ें -  यूट्यूबर अनुराग डोभाल की बढ़ी मुश्किलें: घर में घुसकर मारपीट और निजी डेटा चोरी में एक और आपराधिक मामला दर्ज

इस वर्ष चारधाम यात्रा में 59 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में समान नागरिक संहिता, सख्त भू-कानून, और नकल विरोधी कानून लागू कर पारदर्शी शासन व्यवस्था स्थापित की गई है। इस अवसर पर पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल समेत तमाम जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन के अधिकारी और भारी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।