देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 9 नवंबर को राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। देहरादून में आयोजित मुख्य कार्यक्रम के दौरान सीएम ने राज्य आंदोलनकारियों, अमर शहीदों और पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी को नमन करते हुए प्रदेश के समग्र विकास का विजन डॉक्यूमेंट प्रस्तुत किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बड़े आंकड़े साझा करते हुए बताया कि पिछले 26 वर्षों की विकास यात्रा में कुशल वित्तीय प्रबंधन के दम पर प्रदेश की अर्थव्यवस्था का आकार 26 गुना और प्रति व्यक्ति आय 18 गुना तक बढ़ चुकी है। वर्तमान में राज्य की आर्थिक विकास दर 7.83 प्रतिशत दर्ज की गई है, जबकि गरीबी दर 32.70 प्रतिशत से घटकर मात्र 6.92 प्रतिशत पर आ गई है।
रोजगार और श्रमबल के मोर्चे पर बोलते हुए सीएम ने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की ऐतिहासिक कमी दर्ज की गई है और श्रमबल बढ़कर 64 प्रतिशत हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में आगे बढ़ रहा उत्तराखंड वर्ष 2047 तक ‘विकसित उत्तराखंड’ के संकल्प को पूरा करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।
युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए सरकार ने पिछले 5 वर्षों में 35 हजार से अधिक सरकारी नौकरियां दी हैं और नकल विरोधी सख्त कानून लागू किया है। इसके साथ ही, ऐतिहासिक कदम उठाते हुए उत्तराखंड देश में समान नागरिक संहिता लागू करने वाला पहला राज्य बना है, जबकि जबरन धर्मांतरण विरोधी कानून और कड़े भू-कानून पर भी लगातार कार्रवाई जारी है।
मातृशक्ति और स्थानीय संस्कृति को बढ़ावा देते हुए महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया गया है और 3 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। सैनिकों के सम्मान में देहरादून में सैन्य धाम का निर्माण और ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड के जरिए स्थानीय उत्पादों को वैश्विक मंच मिल रहा है। अंत में सीएम ने हर नागरिक से एक समृद्ध और आत्मनिर्भर उत्तराखंड के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

