देहरादून: कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू मेरठ से गिरफ्तार, अब जेल में मनेगी दिवाली

ख़बर शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। लंबे समय से फरार चल रहे गिरधारी लाल साहू की गिरफ्तारी उत्तर प्रदेश के मेरठ शहर से होने की बात सामने आ रही है।इस हाई-प्रोफाइल मामले की पृष्ठभूमि बेहद चौंकाने वाली है।

प्राप्त विवरण के मुताबिक, गिरधारी लाल साहू के खिलाफ देहरादून की कैंट कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था। सबसे खास और संवेदनशील पहलू यह है कि यह मामला किसी और ने नहीं, बल्कि खुद कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य की आधिकारिक शिकायत पर दर्ज हुआ था। पत्नी की शिकायत पर पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही यह मामला पूरे राज्य में चर्चा का केंद्र बन गया था।

यह भी पढ़ें -  20 साल बाद फिर बोतल से बाहर आया 2004 का जिन्न! जेनी के गंभीर आरोपों से घिरे हरक सिंह रावत, 2016 की घटना का भी किया खुलासा

मामले की गंभीरता को देखते हुए उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय ने इसकी जांच विशेष जांच दल को सौंप दी थी। एसआईटी द्वारा की जा रही लगातार जांच के दौरान जब आरोपी जांच में सहयोग नहीं कर रहा था, तब एसआईटी ने कानूनी शिकंजा कसते हुए अदालत से उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी करवा दिया था। वारंट जारी होने के बाद से ही आरोपी पुलिस और एसआईटी की पकड़ से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था।

यह भी पढ़ें -  हरक सिंह के बयानों पर भड़के बीजेपी अध्यक्ष महेंद्र भट्ट: बोले- ईश्वर ने मुंह दिया है तो कुछ भी बोलेंगे, ठोकूंगा मानहानि का केस

फरार चल रहे गिरधारी लाल साहू की धरपकड़ के लिए उत्तराखंड पुलिस और एसआईटी की कई विशेष टीमों का गठन किया गया था। ये टीमें उत्तराखंड के विभिन्न जिलों के साथ-साथ पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश के कई संदिग्ध ठिकानों पर लगातार ताबड़तोड़ दबिश दे रही थीं। आखिरकार पुलिस की लंबी मशक्कत और खुफिया तंत्र के इनपुट के बाद आरोपी को मेरठ से हिरासत में लिए जाने की खबर पुख्ता हुई है।