देहरादून। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर प्रदेश के सभी नागरिकों को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दी हैं। अपने विस्तृत संदेश में प्रधानमंत्री ने राज्य की 26 वर्षों की विकास यात्रा, आध्यात्मिक-सांस्कृतिक विरासत, मजबूत आधारभूत ढांचे और सीमांत क्षेत्रों के विकास का विशेष उल्लेख करते हुए राज्य सरकार के प्रयासों की खुलकर सराहना की है।
प्रधानमंत्री ने याद दिलाया कि 9 नवंबर 2000 को पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की दूरदृष्टि और दृढ़ संकल्प से उत्तराखंड का गठन हुआ था। उन्होंने कहा कि यह स्थापना दिवस देवभूमि के लोगों के अदम्य साहस, स्वाभिमान और अनवरत प्रगति के संकल्प को नमन करने का दिन है। जिन आकांक्षाओं के साथ राज्य का निर्माण हुआ था, आज प्रदेश उन्हें तेजी से साकार कर रहा है।
उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता और आध्यात्मिक महत्ता का जिक्र करते हुए पीएम ने इसे प्रकृति और आस्था का अद्भुत संगम बताया। उन्होंने कहा कि गंगा-यमुना के उद्गम, पंच केदार, पंच प्रयाग और चारधाम के साथ केदारनाथ, बदरीविशाल, गंगोत्री, यमुनोत्री, हेमकुंट साहिब, जागेश्वर धाम और आदि कैलाश करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र हैं। प्रधानमंत्री ने संगठन कार्य के दौरान केदारनाथ गुफा में अपनी साधना और देवभूमि में बिताए समय की स्मृतियों को भी साझा किया।
‘विकसित उत्तराखंड से विकसित भारत’ के संकल्प पर जोर देते हुए प्रधानमंत्री ने बीते दशक में हुए कनेक्टिविटी विस्तार की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लगभग ₹11 हजार करोड़ की लागत वाली 890 किलोमीटर लंबी ‘चारधाम ऑल वेदर रोड’ और ₹125 किलोमीटर लंबी ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन परियोजना से प्रदेश के आर्थिक और सामाजिक विकास को नई उड़ान मिल रही है।
इसके साथ ही, केदारनाथ धाम के पुनर्निर्माण और बदरीनाथ धाम में ₹500 करोड़ से जारी मास्टर प्लान कार्यों का उल्लेख किया गया। सीमावर्ती गांवों को देश की सुरक्षा का प्रतीक बताते हुए पीएम ने ‘वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम’ के तहत माणा, जादुंग, नीति और गुंजी जैसे गांवों में बुनियादी सुविधाओं और स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा देने के प्रयासों की प्रशंसा की।
पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था पर बात करते हुए उन्होंने होमस्टे योजना, ‘365-डे टूरिज्म’, एडवेंचर टूरिज्म और विंटर टूरिज्म के बढ़ते प्रभाव को रेखांकित किया। साथ ही, हरिद्वार में आगामी कुंभ मेले की तैयारियों के लिए केंद्र सरकार द्वारा दी गई ₹500 करोड़ की आर्थिक सहायता का भी जिक्र किया।
सामाजिक विकास के तहत जल जीवन मिशन के जरिए 98% से अधिक ग्रामीण परिवारों तक नल से जल पहुंचाने और हरिद्वार, पिथौरागढ़, रुद्रपुर व अल्मोड़ा में मेडिकल कॉलेजों के विस्तार को बड़ी उपलब्धि बताया गया। वहीं उज्ज्वला, पीएम आवास और लखपति दीदी योजनाओं से महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की सराहना की गई।
ऊर्जा और इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में ₹8 हजार करोड़ की टिहरी पम्प्ड स्टोरेज प्लांट, लखवाड़, जमरानी और सौंग बांध परियोजनाओं का जिक्र किया गया। इसके अलावा, उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता लागू करने को देश के लिए नजीर बताते हुए सख्त नकल विरोधी कानून, धर्मांतरण कानून और भू-कानून में पारदर्शिता लाने के ऐतिहासिक फैसलों की सराहना की गई।
पत्र के अंत में पीएम मोदी ने राष्ट्रीय खेलों में राज्य के एथलीटों द्वारा 100 से ज्यादा मेडल जीतने, हाई एल्टीट्यूड मैराथन, नंदा देवी व इगास-बग्वाल जैसे उत्सवों और मंडुवे की रोटी व बाल मिठाई जैसे पारंपरिक खानपान का जिक्र कर लोक संस्कृति की तारीफ की।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा भेजे गए इस आत्मीय शुभकामना संदेश के लिए उनका हृदय से आभार व्यक्त किया। सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री का देवभूमि के प्रति विशेष लगाव प्रदेशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत है। राज्य सरकार उनके विजन के अनुरूप उत्तराखंड को देश का अग्रणी राज्य बनाने और विकास को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए पूरी तरह संकल्पबद्ध है।

