देहरादून। दीपावली के पावन अवसर पर शासकीय आवास लौट रहे उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गढ़ी कैंट क्षेत्र में एक अलग ही छाप छोड़ी। मार्ग में तैनात भारतीय सेना के जवानों को देखते ही मुख्यमंत्री ने तत्काल अपना काफिला रुकवाया और वाहनों से उतरकर जवानों के बीच पहुंच गए। उन्होंने जवानों से बेहद आत्मीयता के साथ मुलाकात की, उनका कुशलक्षेम जाना और मिठाइयां बांटकर त्योहार की खुशियां साझा कीं।
गढ़ी कैंट में जवानों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि देश की सीमाओं की मुस्तैद सुरक्षा और राष्ट्र की अखंडता को बनाए रखने में हमारे सैनिकों का योगदान अतुलनीय है। सैनिक दिन-रात पूरी निष्ठा, समर्पण और अदम्य साहस के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करते हैं। उनके इस सतर्क पहरे और अटूट संकल्प की बदौलत ही पूरा देश निर्भय होकर अपने-अपने त्योहार मना पाता है।

मुख्यमंत्री ने जवानों के त्याग को नमन करते हुए कहा कि जब पूरा देश अपने घर-परिवार के साथ दीपावली का पर्व मना रहा होता है, तब माँ भारती के ये वीर सपूत अपने अपनों से दूर रहकर सीमाओं पर तैनात रहते हैं। सैनिकों का यह अनुशासन, त्याग और राष्ट्रप्रेम देश के हर नागरिक के लिए न केवल गर्व का विषय है, बल्कि एक महान प्रेरणास्रोत भी है।

उत्तराखंड की सैन्य परंपरा का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्रदेश वीरभूमि है और यहां के युवाओं का भारतीय सेना में शामिल होकर देश सेवा करने का एक गौरवशाली इतिहास रहा है। राज्य का प्रत्येक नागरिक अपने सैनिकों और उनके परिवारों पर गर्व महसूस करता है। सैनिकों का सम्मान करना और उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना हम सभी का नैतिक दायित्व है।
अचानक मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर और उनसे दीपावली की शुभकामनाएं प्राप्त कर सेना के जवान भी बेहद उत्साहित नजर आए। जवानों ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। वहीं, गढ़ी कैंट क्षेत्र में काफिला रुकवाकर जवानों से मिलने की मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की इस सहृदयता और आत्मीय पहल की स्थानीय नागरिकों ने भी मुक्तकंठ से सराहना की।

