कपकोट विधायक निधि में करोड़ों का घोटाला, राज्य स्वराज पार्टी ने भाजपा विधायक सुरेश गड़िया पर लगाए करोड़ों के भ्रष्टाचार के आरोप

ख़बर शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून स्थित महानगर कार्यालय में राज्य स्वराज पार्टी ने एक धमाकेदार प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राज्य की राजनीति में नया उबाल ला दिया है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं बॉबी पंवार, सुमित अग्रवाल, देवेन्द्र बिष्ट और ललित श्रीवास्तव ने कपकोट से भाजपा विधायक सुरेश गड़िया पर विधायक निधि में करोड़ों रुपये के कथित भ्रष्टाचार का सीधा आरोप लगाया है।

प्रेस वार्ता के दौरान नेताओं ने कपकोट विधानसभा क्षेत्र में विधायक निधि के पैसों से की गई क्रिकेट किट खरीद में बड़े पैमाने पर वित्तीय धांधली का पर्दाफाश किया। बॉबी पंवार ने ब्यौरा पेश करते हुए बताया कि मार्च 2026 में 208 क्रिकेट किटों की बल्क खरीद का वास्तविक बाजार मूल्य लगभग 8,075 रुपये प्रति किट था।

हालांकि, सरकारी कार्यदायी संस्था ‘उत्तराखंड कॉपरेटिव फेडरेशन’ के माध्यम से इसी क्रिकेट किट को 32,000 रुपये प्रति किट की अत्यधिक दर से खरीदा गया। पार्टी का आरोप है कि इस प्रक्रिया के जरिए विधायक निधि के सरकारी धन का सीधे तौर पर चार गुना अधिक दुरुपयोग कर जनता की कमाई की डकैती की गई है।

यह भी पढ़ें -  गृह मंत्री अमित शाह के दौरे पर हरीश रावत ने कसा तंज, कहा- 'जनता के लिए नहीं, बीजेपी के लिए दौरा'

प्रेस कॉन्फ्रेंस में खरीदी गई किटों के वितरण पर भी गंभीर सवाल उठाए गए। बॉबी पंवार ने कहा कि मार्च 2026 में कुल 208 किटों की कागजी खरीद दिखाई गई, लेकिन अब तक महज एक दर्जन गांवों में ही इनका वितरण हुआ है। शेष दर्जनों क्रिकेट किटें कहां गायब हुईं, इसका जवाब प्रशासन को देना चाहिए।

पार्टी के प्रांतीय नेतृत्व ने राज्य में चल रही पुरानी जांचों में ढिलाई बरतने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जिस तरह चकराता विधायक निधि घोटाले में जांच एजेंसियां कछुए की चाल से काम कर रही हैं, ठीक उसी ढर्रे पर कपकोट के इस विशाल घोटाले को भी ठंडे बस्ते में डालने का प्रयास किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें -  अमित शाह का देहरादून दौरा: उत्तराखंड को देंगे ₹1500 करोड़ की सौगात, परेड ग्राउंड में भरेंगे चुनावी हुंकार

राज्य स्वराज पार्टी ने आरोप लगाया कि कपकोट में खेल स्टेडियमों के निर्माण के नाम पर भी बड़ा खेल रचा जा रहा है। महज 10 लाख रुपये के बुनियादी कामों को कागजों पर करोड़ों का दिखाकर भुगतान हासिल किया जा रहा है और विधायक के 2-3 नजदीकी ठेकेदारों को ही अनुचित लाभ पहुंचाया जा रहा है।

इसके अलावा, प्रेस वार्ता में सड़कों के टेंडर में भारी कमिशनखोरी के इनपुट भी सार्वजनिक किए गए। नेताओं ने दावा किया कि PMGSY की सड़कों के एवज में ठेकेदारों से 12 से 15 प्रतिशत तक भारी कमीशन वसूला गया है, जिसके पुख्ता साक्ष्य जल्द ही जनता के सामने रखे जाएंगे।

पार्टी नेताओं ने कपकोट और कांडा क्षेत्र की बदहाल जनसुविधाओं पर गहरा दुख जताया। उन्होंने बताया कि स्थानीय अस्पतालों में 70 प्रतिशत डॉक्टरों के पद खाली हैं, अल्ट्रासाउंड तक की सुविधा नहीं है और स्कूलों में मुख्य विषयों के 90 प्रतिशत पद रिक्त चल रहे हैं।

यह भी पढ़ें -  देहरादून पहुंचे गृह मंत्री अमित शाह: जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर CM धामी ने किया भव्य स्वागत

दूसरी ओर, क्षेत्र के युवाओं को बेहतर शिक्षा व स्वास्थ्य देने के बजाय गांव-गांव में अवैध बार खोलकर शराब तस्करी को बढ़ावा दिया जा रहा है। बिना पार्किंग और अनिवार्य मानकों के खोले गए इन बारों से ग्रामीण इलाकों का सामाजिक माहौल लगातार बिगड़ता जा रहा है।

राज्य स्वराज पार्टी ने सरकार को स्पष्ट चेतावनी जारी की है। नेताओं ने कहा कि यदि कपकोट विधायक निधि घोटाले और चकराता घोटाले की निष्पक्ष व त्वरित जांच कर कड़ी कार्रवाई नहीं हुई, तो पार्टी पूरे प्रदेश में सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करेगी।