देहरादून। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को उत्तराखंड के एक दिवसीय दौरे पर राजधानी देहरादून पहुंच रहे हैं। उनके इस दौरे को आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को धार देने के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। अपने इस व्यस्त कार्यक्रम के दौरान गृह मंत्री परेड ग्राउंड में भाजपा की विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे और प्रदेश को ₹1500 करोड़ से अधिक की विकास योजनाओं की बड़ी सौगात देंगे।
निर्धारित मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के अनुसार, गृह मंत्री अमित शाह सुबह 11:00 बजे दिल्ली से रवाना होकर 11:55 बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद दोपहर 12:10 बजे वह परेड ग्राउंड पहुंचेंगे, जहां दोपहर 12:20 बजे जनसभा को संबोधित करेंगे। परेड ग्राउंड में दोपहर 12:00 बजे आयोजित भाजपा की पदयात्रा में भी वह शामिल होंगे और 25 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं में चुनावी जोश भरेंगे।
जनसभा के बाद दोपहर 2:00 बजे गृह मंत्री परेड ग्राउंड से पुलिस लाइंस के लिए रवाना होंगे। पुलिस लाइंस में आयोजित ऐतिहासिक अलंकरण समारोह में अमित शाह उत्तराखंड पुलिस को प्रतिष्ठित ‘राष्ट्रपति पुलिस कलर’ से सम्मानित करेंगे। इस अवसर पर अलंकरण परेड के साथ उत्तराखंड पुलिस की नई वर्दी और नए प्रतीक चिह्न का भी भव्य अनावरण किया जाएगा।
गृह मंत्री के वीवीआईपी दौरे और भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए राजधानी देहरादून में सुरक्षा के कड़े बहुस्तरीय इंतजाम किए गए हैं। परेड ग्राउंड के चारों ओर के क्षेत्र को पूरी तरह ‘जीरो जोन’ घोषित किया गया है। सुरक्षा कारणों से रोजगार तिराहे से सीजेएम तिराहा और लैंसडाउन चौक तक सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।
शहर के ट्रैफिक को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है। इसके तहत सर्वे चौक, ओरिएंट चौक, बुद्धा चौक और ईसी रोड पर डायवर्जन लागू किया गया है। संवेदनशील इलाकों और ऊंची इमारतों से पुलिस की पैनी निगरानी की जा रही है, साथ ही कार्यक्रम स्थलों के आसपास ड्रोन उड़ाने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है।
दौरे की पूर्व संध्या पर तैयारियों का जायजा लेने खुद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी देर रात परेड ग्राउंड पहुंचे। सीएम धामी ने जनसभा स्थल, मंच और सुरक्षा व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया और अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के कड़े निर्देश दिए। शाम 4:30 बजे गृह मंत्री अमित शाह देहरादून से वापस दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।

