देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून स्थित उत्तरांचल प्रेस क्लब द्वारा आयोजित दीपावली महोत्सव में शिरकत करते हुए मीडिया जगत के लिए बड़े ऐलान किए हैं। उन्होंने घोषणा की है कि प्रदेश में तहसील, जिला और राज्य स्तर पर मान्यता प्राप्त पत्रकारों की संख्या बढ़ाई जाएगी। इसके साथ ही, पत्रकारों की मासिक पेंशन की राशि में भी बढ़ोतरी की जाएगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी पत्रकारों और उनके परिवारों को दीपावली की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम धामी ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ होने के साथ सरकार और समाज के बीच संवाद का मुख्य सेतु है। पत्रकार न केवल सरकार की जनहितकारी नीतियों को आमजन तक पहुंचाते हैं, बल्कि जनता की समस्याओं को भी शासन तक प्रभावी ढंग से लाते हैं। लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने में पत्रकारों की भूमिका बेहद अहम है।

मुख्यमंत्री ने पत्रकारिता को समाज का दर्पण बताते हुए कहा कि इससे प्रशासन को विकास कार्यों का धरातल पर असर समझने में मदद मिलती है। पत्रकारों से मिलने वाला फीडबैक शासन व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी बनाता है। इस दौरान उन्होंने देवर्षि नारद की संवाद परंपरा का स्मरण करते हुए कहा कि मीडिया कर्मी पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का पालन कर रहे हैं।
वर्तमान समय की चुनौतियों पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में सोशल मीडिया और नई तकनीकों ने जहां संभावनाएं बढ़ाई हैं, वहीं फेक न्यूज का प्रसार एक बड़ी चुनौती बन गया है। ऐसे दौर में तथ्यों की सही जांच कर निष्पक्ष और सटीक जानकारी जनता तक पहुंचाना पत्रकारों की जिम्मेदारी को और अधिक बढ़ा देता है।

राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पत्रकारों के हित और सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता में हैं। स्वास्थ्य बीमा, आकस्मिक सहायता और आवासीय सुविधाओं के लिए कई कदम उठाए गए हैं। उन्होंने याद दिलाया कि सरकार ने पत्रकार कल्याण कोष की राशि ₹5 करोड़ से बढ़ाकर ₹10 करोड़ कर दी है और पेंशन योजना में भी पहले संशोधन किए गए हैं।
उत्तराखंड को जनसंचार के क्षेत्र में अग्रणी बनाने के लिए मीडिया सेंटरों को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। समारोह में कैबिनेट मंत्री खजान दास, सूचना निदेशक बंशीधर तिवारी, प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजय सिंह राणा, महामंत्री योगेश सेमवाल और कोषाध्यक्ष मनीष डंगवाल सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।

